Home छत्तीसगढ़ 12.5 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण : बरबसपुर, नेवासपुर व इरिमकसा...

12.5 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण : बरबसपुर, नेवासपुर व इरिमकसा को मिली नई सौगात…

13
0

० अटल डिजिटल सेवा केंद्र, प्रार्थना शेड और महिला समूह भवन का उद्घाटन
० ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिव मंदिर के पास नदी तट पर किया गया पौधारोपण
खैरागढ़ (दावा)। ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बरबसपुर, आश्रित ग्राम नेवासपुर एवं लालपुर के आश्रित ग्राम इरिमकसा में कुल 12.5 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लोकार्पण समारोह के तहत तीन प्रमुख निर्माण कार्यों को ग्रामीणों को समर्पित किया गया। अटल डिजिटल सेवा केंद्र (बरबसपुर) में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित। प्रार्थना शेड (नेवासपुर) 5 लाख रुपये की लागत से तैयार। महिला समूह भवन (इरिमकसा) 2.5 लाख रुपये की लागत से निर्मित।

‘अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता’
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी अधोसंरचना को मजबूत कर शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू होने से अब ग्रामीणों को जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र व अन्य ऑनलाइन कार्यों के लिए शहर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ये सारी सुविधाएं गांव में ही मिलेंगी। वहीं महिला समूह भवन बनने से स्व-सहायता समूहों की बहनों को संगठित होकर आजीविका और आत्मनिर्भरता से जुड़ी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।

नदी तट पर किया पौधारोपण
लोकार्पण कार्यक्रम के उपरांत ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बरबसपुर स्थित शिव मंदिर के समीप नदी तट पर वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी ली। आयोजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष राजू जंघेल, जनपद सदस्य सरिता पटेल, सरपंच आकाश बंजारे, चुरावन टंडन, विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here