Home छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में राजनांदगांव के रेलवे विकास...

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में राजनांदगांव के रेलवे विकास कार्यों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न…

23
0

अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सुरक्षा से जुड़े रेलवे प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने के निर्देश

बैठक में महापौर मधुसूदन यादव, SECR महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, नागपुर DRM दीपक गुप्ता व पूर्व सांसद अभिषेक सिंह रहे मौजूद

रायपुर / राजनांदगांव:

रायपुर स्थित निवास कार्यालय में माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी के मार्गदर्शन में राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव जी विशेष रूप से शामिल हुए।

बैठक के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के महाप्रबंधक (GM) श्री तरुण प्रकाश जी, नागपुर रेल मंडल के DRM श्री दीपक गुप्ता जी, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह जी तथा रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजनांदगांव क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक में इन प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा:

अंडरब्रिज निर्माण की गति: चिखली एवं गौरीनगर अंडरब्रिज के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

मोतीपुर मिनी अंडरब्रिज: मोतीपुर मिनी अंडरब्रिज के निर्माण व आवागमन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

ओवरब्रिज क्षति का सुधार: बरगा–आलिवारा–मुसरा में ‘प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना’ के तहत निर्मित ओवरब्रिज को हाल ही में हुई बारिश से पहुंचे नुकसान की समीक्षा की गई और जल्द मरम्मत के निर्देश दिए गए।

परमालकसा में ओवरब्रिज: परमालकसा क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजनांदगांव में नागरिकों के सुरक्षित आवागमन, सुगम यातायात और बेहतर कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विकास कार्यों में गति लाने और संबंधित प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोजेक्ट्स पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here