Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव टेबल टेनिस के लिए स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक पल…

राजनांदगांव टेबल टेनिस के लिए स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक पल…

34
0

० भव्य आयोजन, शानदार व्यवस्था और खिलाडिय़ों के उत्साह ने रचा नया इतिहास
० द्वितीय छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का सफल एवं यादगार समापन

राजनांदगांव(दावा)। राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ द्वारा स्वर्गीय प्रकाश चितलंगिया की स्मृति में आयोजित द्वितीय छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 राजनांदगांव के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई।

2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में खेल के उच्च स्तर के साथ-साथ खिलाडिय़ों, कोचों और अभिभावकों के लिए की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं ने सभी का दिल जीत लिया।

भव्य शुभारंभ एवं खेल सुविधाओं के विकास की पहल
2 अक्टूबर को प्रतियोगिता का शुभारंभ माननीय पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल एवं कोमल सिंह राजपूत जी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से राजनांदगांव में टेबल टेनिस एवं अन्य इंडोर खेलों के विकास के लिए लगभग 10,000 वर्गफीट के सर्वसुविधायुक्त इंडोर टेबल टेनिस हॉल की आवश्यकता का विषय प्रमुखता से रखा गया।
इस प्रस्ताव पर अभिषेक सिंह जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि इस दिशा में आगे आवश्यक सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। यह आश्वासन राजनांदगांव के खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के लिए उत्साहवर्धक है। प्रस्तावित हॉल से भविष्य में स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए एक मजबूत मंच मिलने की उम्मीद है।

शानदार व्यवस्थाओं ने जीता पूरे प्रदेश का दिल
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता रही खिलाडिय़ों और उनके परिजनों के लिए की गई आत्मीय एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएँ। राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ की पूरी टीम ने खिलाडिय़ों और उनके अभिभावकों के लिए सुबह के नाश्ते से लेकर दिनभर चाय, फल और दोपहर के भोजन तक की व्यवस्था की। हर छोटी-बड़ी आवश्यकता का ध्यान रखा गया, जिससे बाहर से आए खिलाडिय़ों और उनके परिजनों को घर जैसा अपनापन महसूस हुआ।

प्रतियोगिता में शामिल बच्चों के अभिभावकों ने आयोजन की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में जिस स्तर का प्रबंधन, अनुशासन, आतिथ्य और खिलाडिय़ों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है, वह पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय है।
कई अभिभावकों ने यह भी सुझाव दिया कि प्रदेश की अन्य प्रतियोगिताओं में भी राजनांदगांव की इस व्यवस्था और आतिथ्य की भावना को अपनाया जाना चाहिए। यह प्रशंसा राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ की पूरी टीम के लिए सबसे बड़ा सम्मान रही।

समापन समारोह में अतिथियों की सहभागिता
4 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में श्रीमती पूर्णिमा साहू जी, श्रीमती पूनम चितलांगिया जी, श्री दीपेश पटेल जी, जयंती लाल पटेलजी, निकेश व्यासजी डॉ आर एस मौर्यजी सूर्यकान्त चितलांगिया जी आकाश सोनी जी रवि बग्गाजी एवं श्री सुनील अग्रवाल जी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी सहभागिता देकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता
पुरुष वर्ग में विशाल डेकाटे विजेता, सागर घाटगे उपविजेता, महिला वर्ग में सुष्मिता सोम विजेता, समाया पांडेय उपविजेता, यूथ बॉयज अंडर-17 में आर्यन कुमार सिंह विजेता, दिक्षांत कुमार जांगड़े उपविजेता, यूथ गर्ल्स अंडर-17 में समाया पांडेय विजेता, वेदी कच्छावा उपविजेता, यूथ बॉयज -अंडर -13 में आदित्य सोनी विजेता, तुषार सोना उपविजेता, यूथ गर्ल्स अंडर -13 में अक्षिता बिनु विजेता, साईबाबा रक्षित उपविजेता, यूथ बॉयज अंडर-19 में कविश काला विजेता, आर्यन कुमार सिंह उपविजेता, यूथ गर्ल्स अंडर-19 में समाया पांडेय विजेता, लावण्या पांडेय उपविजेता, यूथ बॉयज अंडर-15 में दीक्षांत कुमार जांगड़े विजेता, कविश काला उपविजेता, यूथ गर्ल्स अंडर-15 में समय पांडेय विजेता, लावण्या पांडेय उपविजेता रही।

राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बग्गा, सचिव अरुण डुलानी, कोषाध्यक्ष लोकेंद्र साहू एवं संघ के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल हुआ। आयोजन की सफलता ने यह साबित किया कि बेहतर योजना, समर्पित टीमवर्क और खिलाडिय़ों के प्रति आत्मीयता से किसी भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को यादगार बनाया जा सकता है। यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राजनांदगांव की खेल भावना, आतिथ्य सत्कार और संगठनात्मक क्षमता का शानदार परिचय बनी। राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ ने सभी अतिथियों, खिलाडिय़ों, कोचों, अभिभावकों, प्रायोजकों, सहयोगियों और पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी खेलों के विकास और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। राजनांदगांव के खेल इतिहास में यह आयोजन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here