० जिले में धर्मांतरण व लव जिहाद के मामलों पर जिला साहू संघ ने जताई गहरी चिंता
० दबाव या प्रलोभन की सूचना मिलते ही समाज करेगा त्वरित पहल, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
राजनांदगांव (दावा)। जिले में साहू समाज के लोगों के धर्मांतरण से जुड़ी लगातार आ रही खबरों को जिला साहू संघ ने बेहद गंभीरता से लिया है। जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू ने दो-टूक कहा कि बीते कुछ वर्षों से समाज के लोगों का प्रलोभन या दबाव में धर्म परिवर्तन कराए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। जिससे सामाजिक व सांस्कृतिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब समाज ऐसे मामलों में मूकदर्शक नहीं रहेगा और हर मामले की जमीनी जानकारी जुटाकर विधिसम्मत कड़े कदम उठाए जाएंगे।
नोबल साहू ने कहा कि धर्मांतरण के कारण सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर गहरा नुकसान हो रहा है। उन्होंने समाजजनों से सीधा आह्वान किया कि जिले में कहीं भी धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आए, तो उसकी सूचना तत्काल जिला साहू संघ या सामाजिक पदाधिकारियों को दें। समय पर सूचना मिलने से मामले की वास्तविकता का पता लगाकर तत्काल आवश्यक हस्तक्षेप किया जा सकेगा। श्री साहू ने कहा कि किसी भी परिवार या व्यक्ति पर यदि दबाव बनाकर, भ्रम फैलाकर अथवा प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जाती है, तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा सख्त कानून बनाए जाने के बावजूद ऐसे प्रयास चिंताजनक हैं। उन्होंने धर्मांतरण के साथ-साथ लव जिहाद से जुड़े मामलों पर भी समाज की गंभीर चिंताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि इन विषयों पर जमीनी स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि साहू समाज सामाजिक एकता, संस्कृति और सनातन परंपराओं की रक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। समाज की भूमिका किसी व्यक्ति विशेष के विरोध की नहीं, बल्कि अपने लोगों को जागरूक रखने और कानून के दायरे में रहकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने की होगी। उन्होंने समाज के युवाओं, प्रबुद्धजनों और अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न देकर तथ्यों की पुष्टि करें और सजग रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत समाज के प्रमुखों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दी जाए, ताकि त्वरित स्तर पर पहल कर समाज के मान-सम्मान और संस्कृति की रक्षा की जा सके।



