485 आवेदन प्राप्त, 303 आवेदनों का निराकरण; 30 हितग्राही हुए लाभान्वित, दिव्यांग हितग्राही को मिली बैटरी चालित ट्राइसिकल,

खैरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत झूरानदी में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में कुल 485 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 303 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, भावेश कोचर,हमेश्वरी दिनेश वैष्णव, प्रकाश जंघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से स्टॉलों पर उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और शासकीय योजनाओं से संबंधित विषयों की जानकारी भी प्राप्त की।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं की जानकारी के साथ योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज रूप से पहुंचाना है। विभागीय अधिकारी प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सुविधा मिली है। विभागीय अधिकारी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग करें।
शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 286 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग से 143, कृषि के 2, पशुपालन के 4, विद्युत के 3, आधार सेवा केंद्र के 6, वन विभाग का 1, खाद्य विभाग के 2, पंचायत के 20, समाज कल्याण के 15 तथा जनपद पंचायत छुईखदान से संबंधित 3 आवेदन प्राप्त हुए। अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों को मिलाकर कुल 485 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 303 का निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा 30 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को जाल, पंचायत विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी, समाज कल्याण विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को बैटरी ट्राइसिकल एवं छड़ी, उद्यानिकी विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को चेक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 बालिकाओं को स्वच्छता कीट वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राही को बैटरी चालित ट्राइसिकल प्रदान की गई। इससे हितग्राही को आवागमन में सुविधा के साथ दैनिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।
शिविर में राजस्व, कृषि, विद्युत, आधार सेवा केंद्र, खाद्य, श्रम, पंचायत, स्वास्थ्य, नगर पंचायत गंडई, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, जल संसाधन, मत्स्य पालन, आयुष, वन, सहकारिता एवं लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। आधार सेवा केंद्र में आधार संबंधी सेवाएं, खाद्य विभाग द्वारा राशन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। शिविर के दौरान जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए पानी के संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के उपयोग के लिए संकल्प दिलाया गया।
शिविर में समाजसेवी श्री घम्मन साहू, राजूलाल जंघेल, शशांक ताम्रकार, रोशन चंद्राकर, राजकुमार जंघेल सहित जनप्रतिनिधि, एसडीएम अविनाश ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



