उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर में आयोजित भव्य शिविर में प्रदान किया सेवा सम्मान
राजनांदगांव / जगदलपुर: घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में विगत चार वर्षों तक दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और नशा मुक्ति के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाली समाज कल्याण विभाग राजनांदगांव की उप संचालक श्रीमती वैशाली मरडवार को राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में आयोजित विशाल उपकरण वितरण शिविर के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
1500 से अधिक दिव्यांगजन हुए लाभान्वित
बस्तर जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति और भारतीय जैन संगठन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में बस्तर संभाग के दिव्यांगजनों के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर के पहले ही दिन 1,500 से अधिक दिव्यांगजन विविध जीवन सहायक उपकरण प्राप्त करने पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल और जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती दिनेश कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जोखिम भरे क्षेत्रों में की उत्कृष्ट सेवा
जगदलपुर और नारायणपुर जैसे चुनौतीपूर्ण व नक्सलगढ़ इलाकों में पदस्थ रहते हुए श्रीमती वैशाली मरडवार ने बेखौफ सघन दौरा कर शासकीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया। उनके साहसिक व परिणाममूलक कार्यों का आकलन करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशा के अनुरूप इस शिविर की सफलता के लिए भी उनकी विशेष सेवाएं ली गईं। मंच से उप मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।
वर्चुअल संबोधन व प्रशासनिक गरिमा
कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी वर्चुअल रूप से संबोधित किया और शिविर के सफल आयोजन की सराहना की।
सम्मान समारोह के दौरान बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीना, बस्तर कलेक्टर आकाश शिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अभिलाषा राजनांदगांव के प्रशासक दिलीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव की उप संचालक को बस्तर में मिले इस सम्मान पर बस्तर व राजनांदगांव दोनों क्षेत्रों के दिव्यांगजनों और विभागीय कर्मचारियों में हर्ष की लहर है तथा सभी ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।



