नई दिल्ली। भारत में सालों से मोस्ट वांटेड और पाकिस्तान की पनाह में आतंक फैला रहे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की मौत की अटकलें लगाई जा रही हैं। शुक्रवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दाऊद और उसकी पत्नी को कोरोना संक्रमण हो गया है। इसके बाद उसका कराची के आर्मी हॉस्पिटल में इलाज जारी है और दाऊद की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार को दाऊद की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत की खबरें आ रही हैं, हालांकि अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, शुक्रवार को दाऊद के छोटे भाई अनीस ने दाऊद के कोरोना संक्रमित होने की खबरों से ही इंकार कर दिया था। उसने ये भी कहा था कि डी कंपनी दुबई और पाकिस्तान में बिजनेस कर रही है। डॉन दाऊद इब्राहिम के कोरोना संक्रमण की खबरें मीडिया में आने के बाद शुक्रवार रात को इंटेलिजेंस एजेंसियों के हवाले से रिपोर्ट्स आईं जिसमें कहा गया कि कराची के क्लिफ्टन इलाके में रहने वाला दाऊद और उसकी पत्नी दोनों ही कोरोना पॉजिटव हैं। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि दोनों का कराची के आर्मी अस्पताल में इलाज जारी है, जहां दाऊद की हालत गंभीर बनी हुई है।
दाऊद के भाई का खंडन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दाऊद की सेहत को लेकर उसके छोटे भाई अनीस ने कहा कै कि दाऊद या उसके परिवार का कोई भी सदस्य कोरोना संक्रमण का शिकार नहीं हुआ है। उसके ये भी कहा कि भाई और शकील दोनों ही अच्छे हैं। किसी को भी कोरोना नहीं हुआ है।
दाऊद को मिला है आईएसआई का संरक्षण
भारत के मोस्ट वांटेड अपराधी को दुश्मन देश पाकिस्तान में सालों से पनाह मिली हुई है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में दाऊद कराची में रह रहा है। उस पर मुंबई में 1993 में हुए सीरियल बम धमाकों समेत कई गंभीर आरोप हैं। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान दाऊद के पाक में होने की बात से हमेशा से इन्कार करता रहा है।



