दशहरा उत्सव के दौरान हुए विवाद से जुड़ा मामला, आरोपी गिरफ्तार, एसपी की समझाइश के बाद खुला मार्ग
गंडई-पंडरिया। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के नर्मदा में गुरुवार सुबह एक कृषि केंद्र संचालक पर हुए हमले के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने नर्मदा चौक पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया।
दुकान खोलते समय धारदार हथियार से हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम संडी निवासी बादल वर्मा नर्मदा में कृषि केंद्र संचालित करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तभी नर्मदा निवासी अल्ताफ खान ने उन पर धारदार हथियार से कथित रूप से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर हडक़ंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अल्ताफ खान को हिरासत में लेकर गंडई थाना भेज दिया।
दशहरा उत्सव विवाद से जुड़ रहे तार
घटना के पीछे बुधवार रात ग्राम संडी में रावण दहन के दौरान संडी और नर्मदा के युवकों के बीच हुए विवाद को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमले के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आरोपी को सौंपने की मांग पर अड़े ग्रामीण
हमले की खबर फैलते ही ग्राम संडी से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण नर्मदा चौक पर जुट गए। उन्होंने मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया और आरोपी को ग्रामीणों के हवाले करने की मांग करने लगे। सडक़ बंद होने से यात्री बसों व निजी वाहनों की कतारें लग गईं। जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एसपी ने संभाला मोर्चा, शांत कराया माहौल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।




