० दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र नहीं, डूबती साख बचाने का तमाशा : मुख्य प्रदेश प्रवक्ता
० फर्जी वोट बैंक की सफाई होने से बौखलाहट में राहुल और बैज गढ़ रहे झूठी कहानियां
रायपुर (दावा)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता द्वारा बार-बार नकारी जा चुकी कांग्रेस अब अपनी आसन्न राजनीतिक विदाई से घबराकर देश के निर्वाचन आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर मनगढ़ंत आरोप मढ़ रही है। हर चुनावी पराजय के बाद कभी ईवीएम तो कभी मतदाता सूची पर सवाल उठाना कांग्रेस का पुराना चरित्र बन चुका है।
संसद छोड़ भागने वाले बाहर उड़ाते हैं गरिमा का माखौल
विपक्षी सांसदों के व्यवहार पर प्रहार करते हुए सांसद पाण्डेय ने कहा कि सदन में विपक्ष के पास न कोई ठोस तर्क होता है और न ही वे सार्थक चर्चा में भाग लेते हैं। वे बहस छोडक़र भाग खड़े होते हैं और बाहर आकर संसद की गरिमा का माखौल उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में कभी बंदूक के बल पर समानांतर जनताना सरकार चलाने वालों को संरक्षण देने वाले अब लोकतांत्रिक संस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं। जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठीक ही अर्बन नक्सल कहा है। कांग्रेस नेताओं द्वारा राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) से दूरी बनाकर दिल्ली में प्रदर्शन करने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का छत्तीसगढय़िा प्रेम केवल छलावा है, उन्हें राज्य की खुशियों से नहीं बल्कि केवल कुर्सी से सरोकार है।
पारदर्शी प्रक्रिया से फर्जी वोट बैंक की सफाई से दर्द
रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन को आड़े हाथों लेते हुए मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 1975 में देश पर आपातकाल थोपकर संविधान का गला घोंटने वाली पार्टी आज वोट चोरी का प्रलाप कर रही है। दीपक बैज द्वारा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त पर की गई बयानबाजी का जवाब देते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतनीकरण एक सतत, पारदर्शी और वैधानिक प्रक्रिया है। मृत, स्थानांतरित और दोहरे मतदाताओं के नाम नियमानुसार जांच के बाद ही हटाए जाते हैं। उन्होंने सवाल दागा कि एसआईआर पर अनर्गल आरोप लगाने वाले पहले यह बताएं कि उन्होंने वर्षों तक फर्जी वोटरों के दम पर कितने चुनाव लूटे? मुख्य चुनाव आयुक्त जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्था पर दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाना कांग्रेस की हताशा का प्रमाण है। भाजपा सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सवा तीन करोड़ जनता भली-भांति जानती है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में कोल लेवी, शराब, पीएससी और डीएमएफ घोटालों के जरिए गरीबों, युवाओं और आदिवासियों का हक छीना गया था। आज जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में निरंतर राशि भेज रही है, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रिकॉर्ड धान खरीदी कर रही है और पारदर्शी नियुक्तियां दे रही है, तब कांग्रेस के पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर दिल्ली में जमावड़ा सिर्फ आलाकमान को खुश करने का सियासी स्टंट है। प्रदेश की जागरूक जनता आगामी चुनावों में भी कांग्रेस के इस दुष्प्रचार का जवाब अपने मताधिकार से देगी।




