Home samachar गरीब छोटे दुकानदारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं, जयस्तंभ चौक पर फिर...

गरीब छोटे दुकानदारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं, जयस्तंभ चौक पर फिर लगेगा दीपावली पसरा…

15

कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित पसरा दुकानदारों के साथ कलेक्टर से की मुलाकात, रखी मांगें

कलेक्टर ने सड़क पर मार्किंग कराकर निर्धारित स्थान पर दुकानें लगवाने का दिया आश्वासन

राजनांदगांव। दीपावली पर्व के दौरान जयस्तंभ चौक में वर्षों से पसरा लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे दुकानदारों को नगर निगम द्वारा बलपूर्वक हटाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस कार्रवाई के विरोध में और गरीब व्यापारियों के रोजगार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित दुकानदारों के साथ कलेक्टर से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।

कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जयस्तंभ चौक पर दुकानदारों को उसी स्थल पर व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए सड़क पर बाकायदा मार्किंग कराई जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहे और सड़क किनारे निर्धारित सीमा में छोटे व्यापारी अपना कारोबार कर सकें।

भाजपा राज में गरीबों की रोजी-रोटी पर संकट: निखिल द्विवेदी

कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी प्रदेश या नगर निगम में भाजपा की सरकार आती है, गरीबों और छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा कर दिया जाता है। पूंजीपतियों के आगे नतमस्तक रहने वाली व्यवस्था में गरीब दुकानदारों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात सुगम रहे और गरीबों का रोजगार भी सुरक्षित रहे—यही हमारी मांग है। मार्किंग कराकर स्थान देने के निर्णय का स्वागत है, लेकिन प्रशासन अपने वादे पर तत्काल अमल करे।

निगम का काम सुविधाएं देना है, परेशान करना नहीं: संतोष पिल्ले

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि नगर निगम का दायित्व नागरिकों और व्यापारियों को सुविधाएं देना है, न कि त्योहार के समय उनकी आजीविका छीनना। वर्षों से जयस्तंभ चौक पर पसरा लगाने वालों के साथ निगम का अमानवीय रवैया पूरी तरह अनुचित है। यातायात सुधारने के नाम पर किसी के पेट पर लात मारना कोई समाधान नहीं हो सकता। कलेक्टर द्वारा दिए गए आश्वासन का कड़ाई से पालन होना चाहिए।

कार्रवाई केवल कमजोरों पर क्यों: आसिफ अली

पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आसिफ अली ने कहा कि बड़े लोगों के लिए नियम शिथिल कर दिए जाते हैं, जबकि त्योहार के मौके पर गरीब और मध्यम वर्ग के छोटे दुकानदारों पर बेदखली का डंडा चलाया जाता है। कांग्रेस पार्टी छोटे व्यापारियों के आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद शरद पटेल, गणेश पवार, मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु मिश्रा, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सोनी, विप्लव शर्मा, विशाल गढ़े, धीरज रामटेके, जितेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में पीड़ित पसरा व्यापारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here