जिला कांगे्रस कमेटी ग्रामीण के महामंत्री व जनपद सदस्य चंद्रेश वर्मा ने घुमका क्षेत्र में नुकसान का मुआवजा देने की मांग
घुमका (दावा)। चक्रवात ‘अर्णब’ के असर से हुई झमाझम बारिश और तेज अंधड़ ने जिले के अन्नदाताओं की महीनों की गाढ़ी मेहनत पर पानी फेर दिया है। जनपद सदस्य एवं जिला कांगे्रस कमेटी ग्रामीण के महामंत्री चंद्रेश वर्मा ने घुमका क्षेत्र के खेतों में पहुंचकर जमींदोज हुई धान की फसलों का जायजा लिया तथा प्रभावित किसानों से मिलकर उनका हाल जाना।
खेतों का मुआयना करने के उपरांत सरकार से पीडि़त किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। चिंताग्रस्त किसान कर्ज लेकर धान की फसल लगाई थी। फसल पूरी तरह पककर तैयार थी और कटाई का इंतजार था, लेकिन पिछले दो दिनों में आई आंधी-बारिश से करीब 80 प्रतिशत फसल खेतों में गिरकर बर्बाद हो गई है। कई खेतों में पानी भरने से धान अंकुरित होने और दाने खराब होने की कगार पर पहुंच गए हैं, जिससे किसानों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार से मांग की है कि किसानों को संकट की इस घड़ी में बेसहारा न छोड़ा जाए और त्वरित राहत दी जाए।
जिला कांगे्रस कमेटी ग्रामीण के महामंत्री व जनपद सदस्य चंद्रेश वर्मा ने कहा कि जिले के घुमका क्षेत्र के प्रभावित गांवों में राजस्व, कृषि एवं संबद्ध विभागों की संयुक्त टीम बनाकर फसल नुकसान का निष्पक्ष एवं पारदर्शी आकलन कराया जाए। खेतों में गिरी फसल और जलभराव का वास्तविक रिकॉर्ड तैयार कर किसानों को राहत राशि तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का दावा त्वरित रूप से दिलाया जाए। सर्वे प्रक्रिया को समयबद्ध रखकर प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता राशि जारी करने का आग्रह किया गया है, ताकि अन्नदाताओं को फौरी संबल मिल सके।




