कलेक्टर जितेंद्र यादव के आदेश पर डायवर्जन लागू; दोपहिया वाहनों को छोडक़र अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक
राजनांदगांव । यदि आप शहर से दुर्ग, खैरागढ़ अथवा नागपुर की ओर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले परिवर्तित मार्गों की जानकारी अवश्य ले लें। स्टेशन पारा रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जितेंद्र यादव के आदेश के परिपालन में स्टेशन पारा रेलवे अंडरब्रिज (लेवल क्रॉसिंग नंबर 460) पर बॉक्स पुशिंग का महत्वपूर्ण कार्य जारी है। 1 नवंबर से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य 30 दिसंबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। कार्य के दौरान सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ओवरब्रिज से केवल दोपहिया वाहनों को आवागमन की छूट दी गई है, जबकि चारपहिया व भारी वाहनों का प्रवेश आगामी आदेश तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सुगम आवागमन के लिए ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों व वाहन चालकों की सुविधा के लिए डायवर्टेड रूट निर्धारित किए गए हैं:
० दुर्ग से खैरागढ़ मार्ग: टेडेसरा – सोमनी – नवागांव – कलडबरी – तिलई होते हुए ठेलकाडीह।
० नागपुर से खैरागढ़ मार्ग (भारी वाहन): इंदामरा – सुकुलदैहान होते हुए ठेलकाडीह।
० राजनांदगांव से खैरागढ़ (छोटे चारपहिया वाहन): आंबेडकर चौक – ममता नगर-मोतीपुर अंडरब्रिज-नया ढाबा चौराहा होते हुए तिलई।
० खैरागढ़ से राजनांदगांव मार्ग: देशमुख होटल चौक-नया ढाबा – मोतीपुर अंडरब्रिज होते हुए आंबेडकर चौक।
अतिरिक्त समय लेकर निकलें, नियमों का करें पालन
यातायात पुलिस राजनांदगांव ने आम जनता एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा व जाम से बचने के लिए निर्धारित रूट चार्ट का ही पालन करें। निर्माण स्थल के समीप अनावश्यक जाने से बचें तथा ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें। लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालक सफर के दौरान अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि गंतव्य तक सुरक्षित पहुंच सकें।




