Home samachar सूने मकान का ताला तोड़कर घुसे अंतर्राज्यीय चोर को बोरतलाव पुलिस ने...

सूने मकान का ताला तोड़कर घुसे अंतर्राज्यीय चोर को बोरतलाव पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा..

10

गौरी-गौरा कार्यक्रम देखने गया था परिवार, रात्रि गश्त टीम की मुस्तैदी से छत के रास्ते भागने की कोशिश नाकाम; ओडिशा का आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। बोरतलाव पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान तत्परता दिखाते हुए चोरी की नीयत से घर में घुसे एक अंतर्राज्यीय चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी ओडिशा के गंजाम जिले का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड जब्त कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

छत के रास्ते भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोरतलाव के वार्ड नंबर 01 निवासी राकेश कुमार साहू (40 वर्ष) 10 नवंबर की रात करीब 3 बजे गांव में आयोजित गौरी-गौरा कार्यक्रम देखने गए हुए थे। घर को सूना पाकर आरोपी ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और चोरी के इरादे से भीतर दाखिल हो गया। इसी बीच मकान मालिक के वापस लौटने पर आरोपी हड़बड़ा गया और घर की छत के रास्ते भागने का प्रयास करने लगा।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के पड़ोसियों ने बिना समय गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही नाइट पेट्रोलिंग में तैनात बोरतलाव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

ओडिशा का रहने वाला है आरोपी

पूछताछ में आरोपी की पहचान दिलीप मलिक (28 वर्ष), निवासी ग्राम तुम्बाडिंडीपल्ली, टाउन खिरोडा, थाना धरकोटे, जिला गंजाम (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रात्रि गृह भेदन और चोरी के प्रयास की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अनुराग सोनवानी, सउनि गोकुल सोनकर, आरक्षक नरसिंह सिदार, गोवर्धन कंवर और टिकाराम की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here