राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2026-27 में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की निर्धारित सीमा के आधार पर किसानों को संपूर्ण बोनस सहायता राशि प्रदान करने के निर्णय का जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल ने स्वागत किया है। श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्णय ले रही है। 21 क्विंटल धान खरीदी के साथ संपूर्ण बोनस सहायता राशि का लाभ देने की व्यवस्था किसानों के लिए दोहरे लाभ का निर्णय है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ ही आर्थिक सहायता भी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष बात यह है कि निर्धारित पात्रता एवं बोए गए रकबे के सत्यापन के आधार पर यदि किसान 21 क्विंटल से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ निर्धारित संपूर्ण बोनस सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे छोटे और सीमांत किसानों को भी आर्थिक संबल प्राप्त होगा। श्री बघेल ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय किसान कल्याण, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है।



