Home छत्तीसगढ़ वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी रायगढ़ के कयाघाट में छठ महापर्व के...

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी रायगढ़ के कयाघाट में छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य में हुए शामिल

2

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी आज लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रायगढ़ के जूटमिल स्थित कयाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने छठ महापर्व के तीसरे दिन आयोजित संध्या अर्घ्य में सम्मिलित होकर व्रती माताओं-बहनों एवं क्षेत्रवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मइया एवं भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोक परंपरा, अटूट आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना का यह पावन पर्व हमें संयम, अनुशासन, पवित्रता और समर्पण की प्रेरणा देता है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की यह अनूठी परंपरा प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंध को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में व्रती माताएं एवं बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के कल्याण और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक व्रत रखती हैं। यह पर्व पारिवारिक स्नेह, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की भावना को और मजबूत करता है। छठ पूजा हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ ही प्रकृति के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी देती है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर अभिव्यक्ति है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का एकत्रित होना और सामूहिक रूप से भगवान सूर्यदेव की आराधना करना सामाजिक एकता एवं सद्भाव का अनुपम उदाहरण है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सभी व्रती माताओं-बहनों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए प्रार्थना की कि छठी मइया का आशीर्वाद सभी के परिवारों पर सदैव बना रहे। भगवान सूर्यदेव की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि का संचार हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here