Home samachar शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एंबुलेंस चालक का अपहरण, मारपीट...

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एंबुलेंस चालक का अपहरण, मारपीट कर मोबाइल नदी में फेंका…

10

राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक एंबुलेंस चालक से शराब पीने के लिए रुपये मांगने और मना करने पर उसका अपहरण कर लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीडि़त का मोबाइल छीनकर नदी में फेंक दिया और मारपीट के बाद उसे उसकी नानी के घर छोडक़र फरार हो गए। पीडि़त की रिपोर्ट पर लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
स्कूटी पर बैठाकर ले गए मोहारा नदी के पास
लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश जांगड़े ने बताया कि पीडि़त एंबुलेंस चालक रोशन साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे कुछ युवक मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी तरुण साहू और उसके साथी पीडि़त को जबरन अपनी स्कूटी पर बैठाकर मोहारा नदी के पास ले गए। वहां गजेंद्र साहू भी पहुंच गया। चारों ने मिलकर रोशन को जबरन शराब पिलाई। उसका मोबाइल नदी में फेंक दिया और लाठी-डंडों से पिटाई करने के बाद उसे नानी के घर छोड़ दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पीडि़त की शिकायत पर लालबाग पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने राहुल नगर, लखोली निवासी आरोपी तरुण साहू (19 वर्ष) और गजेंद्र साहू (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश जांगड़े सहित प्रशिक्षु उप निरीक्षक कन्हैया लाल साहू, सउनि शोभाराम बेरवंशी, आरक्षक भवानी प्रसाद विश्वकर्मा और आरक्षक कमलेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here