Home Accident मुंबई लोकल ट्रेन से 10 लोग गिरे: 4 की मौत,6 घायल….

मुंबई लोकल ट्रेन से 10 लोग गिरे: 4 की मौत,6 घायल….

93
0

Mumbai Local Train Accident: मुंबई की लाइफलाइन कहलाने वाली लोकल ट्रेन में एक बड़ा हादसा हुआ है. सोमवार सुबह एक चलती ट्रेन से 10 यात्रियों के गिर गए. इसमें से चार की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. यह दुखद घटना सेंट्रल रेलवे के मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जहां भारी भीड़ के कारण यात्री असुरक्षित तरीके से दरवाजों पर लटके हुए थे. हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

रेलवे आईजी हेमंत कुमार ने बताया कि मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर शार्प कर्व होने की वजह से यह हादसा हुआ है. हादसे के वक्त लोकल ट्रेन की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे के आसपास थी. शार्प कर्व होने की वजह से लोग जो लोकल ट्रेन के दरवाजे पर लटके थे वे गिर गए. इस हादसे में 4 लोगों को मौत हो गई. 6 अन्य लोग घायल है.

भारी भीड़ बनी जानलेवा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के पीक आवर्स में ट्रेन में असामान्य भीड़ थी. यात्री गेट पर लटककर यात्रा कर रहे थे और धक्कामुक्की के कारण कई लोग संतुलन खोकर ट्रैक पर गिर गए. शुरुआती जांच में यह पाया गया कि हादसा तेज रफ्तार ट्रेन के चलने और भीड़ प्रबंधन की कमी के कारण हुआ. मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है लेकिन घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

मुंबई की लोकल ट्रेनें रोजाना करीब 70 लाख से अधिक यात्रियों को ढोती हैं. यह लंबे समय से भीड़ और सुरक्षा चिंताओं से जूझ रही हैं. 2023 में 2,590 और 2024 में 2,468 मौतों के आंकड़े इस समस्या की गंभीरता को दर्शाते हैं. इसमें ट्रैक क्रॉसिंग और ट्रेन से गिरने की घटनाएं प्रमुख कारण हैं. इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे की ओर से पर्याप्त कदम न उठाए जाने की आलोचना को तेज कर दिया है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वे स्वचालित दरवाजों वाली ट्रेनें जल्द शुरू करने की योजना बना रहे हैं, लेकिन कार्यान्वयन में देरी के कारण हादसे रुक नहीं रहे.हादसे के बाद सेंट्रल रेलवे की सेवाएं प्रभावित हुईं और मुंब्रा-दिवा खंड पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा जिससे गुस्सा और बढ़ गया. रेलवे ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज का आश्वासन दिया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here