० अन्नदाताओं से छल कर रही है कि प्रदेश सरकार, खाद के लिए भटक रहे राजनांदगांव. खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक छन्नी साहू ने जारी एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशासन की बात करते हैं पर इस खेती के सीजन में चहूं ओर कुशासन नजर आ रहा है। देश की भूख मिटाने वाले किसान इस कुशासन में बेहद परेशान हैं। सोसाइटियों में खाद नहीं मिल रहा।
किसान रोज सोसाइटियों में लंबी लाइन लगाकर खाद के लिए इंतजार करने मजबूर हैं। डीएपी से लेकर अन्य खाद का संकट बना हुआ है। किसान खेती का कार्य शुरू कर चुके हैं पर खाद के बगैर अटक से गए हैं। पूर्व विधायक छन्नी ने कहा कि केन्द्र में भी भाजपा की सरकार है और राज्य में भी। इसलिए भाजपा नेता कहते हैं कि यहां डबल इंजन की सरकार है पर हालात देखने से लगता है कि डबल इंजन से तो अब बदहाली का धुआं निकलने लगा है, इसे जनता देख रही है। पूर्व विधायक छन्नी ने कहा कि सोसाइटियों में पर्याप्त खाद-बीज की व्यवस्था नहीं की जाएगी तो आने वाले समय में किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ी तो सडक़ पर भी उतरेंगे।
पूर्व विधायक छन्नी ने बताया कि उनके पास रोज किसान पहुंच रहे हैं और बता रहे हैं कि खाद नहीं मिल रहा। किसान तो यह भी कहने लगे हैं कि कांग्रेस राज में यह समस्या नहीं थी बल्कि कर्ज माफी सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से राहत पहुंचाई जा रही थी पर वर्तमान में हालत देखकर लगता है कि भाजपा को किसानों के दुख, दर्द से कोई वास्ता नहीं है।



