राजनांदगांव (दावा)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव किए हैं. पूर्व में जारी निर्देशों की समीक्षा के बाद ये नए दिशा-निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं, जिनका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है.
नए आरक्षण चार्ट के नियम:
सुबह की ट्रेनों के लिए जो ट्रेनें सुबह 5 से दोपहर 2 बजे तक प्रस्थान करेंगी, उनके लिए पहला आरक्षण चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा. दोपहर और रात की ट्रेनों के लिए जो ट्रेनें दोपहर 2 से रात 11:59 बजे तक और मध्यरात्रि 12 से सुबह ५ बजे तक प्रस्थान करेंगी, उनके लिए पहला आरक्षण चार्ट यात्रा से 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा. द्वितीय आरक्षण चार्ट की तैयारी संबंधी मौजूदा दिशा-निर्देशों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वे पहले की तरह ही रहेंगे. ये नए दिशा-निर्देश दूरस्थ स्थानों पर तैयार किए जाने वाले चार्टों पर भी लागू होंगे.
आपातकालीन आवेदन के लिए समय-सीमा निर्धारित
अब से, सभी ट्रेनों में गाड़ी छूटने के 24 घंटे पहले (कार्यदिवस) तक प्राप्त आपातकालीन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे. निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों को मान्य नहीं किया जाएगा. यह संशोधन रेलवे द्वारा यात्रियों को अधिक सुविधा और पारदर्शिता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी.



