डोंगरगांव (दावा)। नगर के आयोजित शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। भीड़ को देखते हुए कथा स्थल पर पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन कैमरे से निगरानी भी लगातार की जा रही है। बावजूद इसके भीड़ का फायदा उठाकर उठाईगीरों ने तीन महिलाओं के गले से सोने का हार व मंगलसूत्र ले उड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग के नर्सरी प्रांगण डोंगरगांव में शिव महापुराण कथा में डोंगरगांव शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरूष शामिल होने पहुंच रहे हैं। संध्या कथा सुनने के बाद शहर की तीन महिलाएं केशरबाई साहू पति स्व. लोकनाथ, सविता पति वीरेन्द्र यादव एवं कुमारी बाई देवांगन पोहा प्रसादी पंडाल पर पहुंची थी। जहां से दो महिलाओं के गले से पत्ती वाला सोने का हार तथा एक के गले से मंगलसूत्र किसी से खींच लिया। अधिक भीड़ के चलते पहले तो उन्हें समझ नहीं आया, जब वे भीड़ से बाहर आये तब उन्हें चोरी हो जाने का एहसास हुआ। इसके बाद तीनों पीडि़त महिलाएं सीधे पुलिस थाने पहुंची और आप बीती सुनाई। मामला थाने पहुंचने के बाद पुलिस इन महिलाओं से समस्त जानकारी जुटा रही है।



