Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: निगम की लापरवाही : मोहारा वाटर प्लांट में फिटकरी खत्म, शहर...

राजनांदगांव: निगम की लापरवाही : मोहारा वाटर प्लांट में फिटकरी खत्म, शहर को मिल रहा गंदा पानी…

55
0

राजनांदगांव (दावा)। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने राजनांदगांव शहर में पेयजल संकट और गंदगी पर भाजपा शासित निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है। जनता को बिजली, पानी, सडक़ और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। श्री पिल्ले ने विशेष रूप से चिंता व्यक्त की कि बारिश के मौसम में भी शहर की जनता पानी के लिए तरस रही है और जो पानी मिल रहा है, वह बेहद गंदा है।

मोहारा वाटर प्लांट में फिटकरी गायब, मोटर बंद- संतोष पिल्ले
श्री पिल्ले ने डॉ. रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र की बदहाली को देखते हुए मोहारा स्थित वाटर वक्र्स प्लांट का औचक निरीक्षण किया। वहां उन्हें पता चला कि वाटर प्लांट में नाममात्र के लिए भी फिटकरी नहीं है और बिना फिटकरी के ही पानी को साफ किए बिना जनता को पिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल और ट्रिपल इंजन की सरकार वाली निगम में जनता को परोसे जाने वाले इस पानी को पीकर लोग बीमार हो रहे हैं, जिससे शहर में पीलिया और डायरिया फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। श्री पिल्ले ने यह भी बताया कि मोहारा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के सातों मोटर फिटकरी न होने के कारण बंद पड़े हैं और एक मोटर जला पड़ा है। जिसे ठीक करवाने के लिए निगम को फुर्सत नहीं है। इसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

संतोष पिल्ले ने चेतावनी दी कि यदि मोहारा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और शहरवासियों को जल्द ही दो टाइम साफ पानी नहीं दिया गया, तो वे शहर की जनता और कांग्रेसी पार्षदों के साथ मिलकर निगम के सामने धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पानी सप्लाई बाधित होने की सूचना तक जनता को नहीं दी जाती। जिससे लोगों में निगम के प्रति भारी आक्रोश है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here