संतोष पाण्डे, अभिषेक सिंह, नीलू शर्मा, हेमा देशमुख, हफीज ख़ान, शाहिद खान आदि हुए शामिल

राजनांदगांव (दावा)। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को शहर के ढाबा क्षेत्र से बाबा महाकाल श्री चंद्रमौलेश्वर की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। लगभग एक किलोमीटर लंबी बाबा महाकाल की पालकी यात्रा में जिले के पूर्व सांसद संतोष पाण्डे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, शिव वर्मा, भाजपा युवा नेता सुमीत भाटिया, महापौर मधुसूदन यादव के सुपुत्र रिभय यादव, पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, सुपुत्र मानव देशमुख, पूर्व ननि नेता प्रतिपक्ष हाफीज खान, शाहिद खान, आसिफ भाई आदि सहित नगर के गणमान्य नागरिक पूरे भक्ति-भाव के साथ शामिल हुए। उपस्थित उपरोक्त जनप्रतिनिधियों ने सबसे पहले पालकी में विराजमान भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर बाबा महाकाल की पूजा अर्चना की। इस दौरान जय-जय महाकाल व भगवान भोले भंडारी के जय-जयकार के नारो से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा।

महाकाल पालकी यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
शहर के ढाबा वार्ड से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना, शंखनाद एवं पूष्प वर्षा के बाद धूमधाम के साथ रवाना हुई। उक्त पालकी यात्रा का शिवनगर, चिखली पहुंचने पर श्रद्धालु जनों द्वारा जगह-जगह पूजा अर्चना की गई, वहीं महिलाएं द्वारा थाल सजाकर कर भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर की आरती की गई। महाकाल पालकी यात्रा के आगे बढऩे पर स्टेशन पारा से लेकर गौरीनगर तक लोगों ने बाबा महाकाल की पालकी यात्रा के लिए पलक पांवड़े बिछाए रहे और वहां पहुंचने पर बाबा महाकाल की पूजा आरती की वहीं पालकी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का मीठा पेय, चाकलेट, स्वल्पाहार आदि से स्वागत किया गया। इस दौरान महाकाल सेना के पवन डागा, राजू डागा, पूर्व महापौर अजीत जैन, अमित खंडेलवाल, संजय तेजवानी, आलोक बिंदल, दामू भूतड़ा, मनीष खंडेलवाल, ओम बाबा जी, अनूप श्रीवास आदि सहित बड़ी संख्या में महाकाल भक्त युवक-युवतियां व महिलाएं बच्चे उपस्थित थे।

मनमोहक सुआ नृत्य, झांझ वादन, अघोरी नृत्य में झूमे श्रद्धालु
बाबा महाकाल की विशाल प्रतिमा के आगे-आगे बैंड बाजा व भजन- कीर्तन के गान सहित श्री चंद्रमौलेश्वर की पालकी यात्रा में अर्जुंदा के सुआ नृत्य ने सबका ध्यान आकर्षित किया। हरे परिधान में सुआ नृत्य करती युवतियां अपने एक एक स्टेप्स से जमकर रंग बिखेर रही थी वहीं राउत नाचा व पंथी नृत्य भी लोगों के बीच आकर्षण के केंद्र बने रहे। बाबा महाकाल की पालकी यात्रा में दुर्ग जिले की पाटन के अघोरी नृत्य से लोग सम्मोहित हुए बिना नहीं रहे।

गौरीनगर में किन्नरों ने किया मनोहारी नृत्य
बाबा महाकाल पालकी यात्रा की जगह-जगह स्वागत-सत्कार आरती पूजा होते हुए वरिष्ठ पार्षद हफीज खान के वार्ड में पहुंचने पर वहां निवासरत किन्नरों ने बाबा महाकाल की शान में जमकर नृत्य किए, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ रही। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों ने भगवान महाकाल की पूरे भक्ति-भाव से पूजा अर्चना की। पालकी के गौरी नगर के शीतला मंदिर पहुंचने पर वार्ड पार्षद हफीज खान ने अपने वार्डवासियों सहित भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की और वार्डवासियों सहित पूरे नगरवासियों की सुख-शांति व खुशहाली की कामना की तत्पश्चात यहां बाबा महाकाल पालकी यात्रा का विश्राम किया गया।




