0 जीवन रक्षक वाहन ही मौत का कारण बन जाए तो जिम्मेदारी किसकी होगी,
0 लापरवाही पूर्वक और नशे में धुत था, एम्बुलेंस चालक,
(यतेंद्र जीत सिंह”छोटू”)
खैरागढ़ : नगर के दाऊचौरा स्थित फारेस्ट नाका के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। लापरवाही और नशे की हालत में चलाई जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर दाऊचौरा नाका के पास एक घर की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गई। हादसा इतना भयावह था कि घर के अंदर खड़ी दो गाड़ियों को भी गंभीर क्षति पहुँची। इसी दौरान मोटरसाइकिल से अपने घर दीवानभेड़ी की ओर जा रहे 27 वर्षीय युवक रविकांत साहू इस हादसे की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना न केवल मानवीय लापरवाही की दर्दनाक मिसाल है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करती है,कि जब जीवनरक्षक वाहन ही मौत का कारण बन जाएं तो जिम्मेदारी किसकी होगी। खैरागढ़ की सड़कों पर घटी यह त्रासदी पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का विषय बन गई है।



