डोंगरगाँव (दावा)। नगर के सेवतापारा वार्ड क्र. 6 के किसान राईस मिल के पीछे निर्माणाधीन भवन में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस मामले में डोंगरगाँव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। तीन भाईयों में सबसे छोटो मृतक युवक चंद्रभान निर्मलकर पिता लखन निर्मलकर 30 वर्ष मोहला के एक माईक्रो फायनेंस कंपनी में विगत 2 वर्षों से कार्यरत था। मृतक चंद्रभान के परिवार में पत्नि, तीन वर्ष का एक पुत्र और एक वर्ष की एक पुत्री है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार चंद्रभान पर लगातार कंपनी के कर्मचारियों द्वारा वसूली राशि को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। घटना की जानकारी के एक दिवस पूर्व भी रिकवरी एजेंट मृतक के घर पहुंचे थे और पैसे जमा करने को लेकर दबाव बनाए थे। इसके पूर्व भी कई बार कंपनी के एजेंट युवक के ऊपर दबाव बनाकर राशि जमा करने कहा था। बता दें कि मृतक के पिता लखन निर्मलकर तीन-चार दिवस पूर्व आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव के चलते जहर का सेवन कर लिया था और वर्तमान में राजनांदगांव अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं।
बहरहाल घटना की जानकारी समीप खेल रहे बच्चों को दूर से निर्माणाधीन भवन के प्रथम तल पर किसी व्यक्ति का पैर लटकता हुआ दिखा, जिसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। इसके पूर्व मृतक का बाईक राईस मिल परिसर में मिला था, जिसके आधार पर मृतक के मंझले भाई ने मौके पर पहुंचकर देखा तो पाया कि उसका छोटा भाई नाइलोन की रस्सी में फांंसी लगाकर लटक रहा था। जिसके बाद मकान मालिक रमन नाहटा और डोंगरगाँव पुलिस को सूचित किया गया, पुलिस ने मृतक का शव पंचनामा कर पोष्टमार्टम के लिए मर्चूरी में रखा है।



