Home छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप, ग्रामीणों में दहशत का माहौल….

आबकारी विभाग पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप, ग्रामीणों में दहशत का माहौल….

52
0

अंबागढ़ चौकी (दावा)। जिला मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी के चिल्हाटी थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग के अधिकारियों पर लगातार रिश्वतखोरी और धमकाने के आरोप सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार में फँसाने और जेल भेजने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूली जा रही है। हाल ही में वासडी क्षेत्र के एक ग्रामीण ने आरोप लगाया था कि आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने उससे 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की माँग की। ग्रामीण ने डर के चलते कुछ रकम दी, लेकिन पूरी डिमांड पूरी न होने पर उसे फिर से डराया-धमकाया जाने लगा।

मजबूर होकर उसने मीडिया के सामने अपनी व्यथा बताई और जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा तथा जिला आबकारी अधिकारी को लिखित शिकायत देकर दोषियों पर कार्रवाई की माँग की। इसी बीच अब चिल्हाटी क्षेत्र के ग्राम मुंजाल निवासी कृष्णा ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए खुलासा किया है।

उनका कहना है कि लगभग एक माह पहले जिला सहायक आबकारी अधिकारी और एक आरक्षक सहित 3-4 लोग अचानक उनके घर पहुँचे और अवैध शराब कारोबार करने का दबाव डालते हुए 5 लाख रुपये की रिश्वत माँगी। मांग पूरी न करने पर जेल भेजने की धमकी दी गई। भयभीत ग्रामीण ने अपने बच्चे की शादी के लिए जुटाई गई रकम में से 3 लाख रुपये अधिकारियों को दे दिए।
ग्रामीण का आरोप है कि अधिकारियों ने उसे साफ तौर पर कहा कि वह अवैध शराब का कारोबार कर सकता है, लेकिन इसके लिए हर महीने 20 हजार रुपये का ‘चढ़ावा’ देना होगा। कृष्णा ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रकरण से वे मानसिक और आर्थिक दोनों रूप से बुरी तरह टूट गए हैं। वहीं, तिरपेमेटा निवासी रवि कुमार ने भी भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा को शिकायत पत्र सौंपा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर 1 लाख रुपये की मांग की थी। डर के कारण उन्होंने 40 हजार रुपये की व्यवस्था कर दी, लेकिन 15 दिन बाद फिर अधिकारी वापस आए और 25 हजार रुपये महीना देने पर शराब बेचने की छूट देने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की रिश्वतखोरी और धमकियों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। जो लोग वर्षों से शराब कारोबार से दूर हैं, उन्हें भी अब जेल भेजने की धमकी देकर पैसे वसूले जाने का डर सताने लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here