राजनांदगाँव। शहर के नंदई क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने की तैयारी है। आबकारी विभाग इस काम में जुटा है। कहा जा रहा है कि यह प्रीमियम शराब दुकान होगी, जहां सिर्फ ऊंची कीमतों की शराब मिलेगी। हालाँकि दुकान के शुरू होने से पहले ही मोहल्ले में इसका विरोध शुरू हो गया है।
नंदई के स्थानीय निवासियों ने नई खुलने वाली प्रीमियम शराब दुकान का विरोध करते हुए कहा कि इस जगह में उनके बच्चे खेलते हैं और महिलाओं सहित मोहल्ले वालों का आना जाना होता है, ऐसे में वे यहां शराब दुकान नहीं खुलने देंगे। वार्ड के लोगों जिनमें भाजपा और कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता हैं ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वार्ड में किसी भी सूरत में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।
शराब दुकान जिस जगह पर खोलने की तैयारी है, उस जगह को लेकर वार्ड के लोगों का कहना है कि यहां मेडिकल का सामान रखा गया था और अचानक रातोंरात मेडिकल का समान गायब हो गया और शराब दुकान की तैयारी कर ली गई। वार्ड के लोगों ने शासन, प्रशासन से शराब दुकान को बंद करने की मांग की है।
राजनांदगाँव शहर में किसी समय सिर्फ दो जगह शराब दुकानें थीं। एक मोहारा बाईपास और दूसरी रेवाडीह बाईपास में। पूर्व की भाजपा सरकार के समय शराब दुकानों का सरकारीकरण होने के बाद शराब दुकानों को शहर के भीतरी क्षेत्रों से हटाकर आऊटर के क्षेत्र में स्थापित कर दिया गया था। बाद में राज्य में कांग्रेस की सरकार आने के बाद भी शराब दुकानें शहर के बाहर ही रहीं। अब राज्य में फिर से भाजपा की सरकार है। अब इस सरकार के समय शराब दुकानों की संख्या बढा़ई जा रही है। नेशनल हाईवे से मोहारा बाईपास में लखोली कन्हारपुरी क्षेत्र से कुछ दूर शराब दुकान खोल दिया गया। इतना ही नहीं नेशनल हाईवे में ही शहर के बीचोबीच कलेक्टोरेट के नजदीक हास्पिटल और मेडिकल स्टोर के पास आंबेडकर चौक में प्रीमियम शराब दुकान खोल दी गई है। अब नंदई में प्रीमियम शराब दुकान की तैयारी है, जिसका विरोध हो रहा है।



