Home छत्तीसगढ़ सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर रिश्वत और दुर्व्यवहार का आरोप…

सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर रिश्वत और दुर्व्यवहार का आरोप…

99
0

 

पूर्व में भी लाखों की वसूली की शिकायतें, जांच की मांग तेज

अंबागढ़ चौकी:-
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध शराब का कारोबार दिनोंदिन पांव पसारता जा रहा है। आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में नशे का जाल इतनी गहराई तक फैल गया है कि ग्रामीण समाज आर्थिक और सामाजिक रूप से टूटता जा रहा है। वहीं, आबकारी विभाग पर इस अवैध कारोबार से मिलीभगत और वसूली के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

घर में घुसकर मांगे 50 हजार, महिला से बदसलूकी का आरोप

बुधवार सुबह नगर के एक वार्ड में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आर.एस. भांडेकर दलबल के साथ एक घर में पहुंचे। कुछ देर बाद नगर की एक महिला ने थाने पहुंचकर भांडेकर व उनकी टीम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला का आरोप है कि अधिकारी ने शराब बिक्री के एवज में 50 हजार रुपए प्रति माह की मांग की और विरोध करने पर परिवार के साथ बदसलूकी की।
शिकायत में महिला ने कॉल डिटेल, मोबाइल रिकॉर्डिंग, वीडियो और फोटो साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपे हैं।

अधीनस्थों से कराई जाती है अवैध वसूली

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सहायक जिला आबकारी अधिकारी भांडेकर द्वारा इलाके के होटलों और शराब विक्रेताओं से ‘महीना फिक्स’ कर अवैध वसूली कराई जाती है। यह रकम वसूलने का जिम्मा अधीनस्थ कर्मचारियों और सरकारी दुकानों के सुपरवाइजरों को सौंपा जाता है।

थाना प्रभारी बोले— जांच जारी है

अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी अश्विनी राठौर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
“आबकारी अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पहले भी लगे हैं गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, दीपावली के पूर्व भी भांडेकर पर शराब तस्करी को संरक्षण देने और मनमानी वसूली के आरोप लगे थे।
इस मामले को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने भी कलेक्टर और उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की थी।

नशे की गिरफ्त में पूरा जिला

जिले के गांव-गांव और गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक रही अवैध शराब ने आदिवासी समाज की रीढ़ तोड़ दी है। युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है, जबकि सड़क हादसों और मौतों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है।

भांडेकर बोले— आरोप निराधार

जब हमने सहायक जिला आबकारी अधिकारी आर.एस. भांडेकर से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने कहा—
“मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मैंने किसी के घर में घुसकर तलाशी नहीं ली है। शिकायत की जांच चल रही है, जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here