Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर के निर्देश पर सडक़ों के मरम्मत कार्य में तेजी, गड्ढों और...

कलेक्टर के निर्देश पर सडक़ों के मरम्मत कार्य में तेजी, गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों का पैचवर्क जारी…

7
0

० सुंदरा, सोमनी-परमालकसा-ठेकवा और देवादा-टेड़ेसरा मार्ग पर हुआ सुधार कार्य
० गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश, आवागमन हुआ सुगम व सुरक्षित

राजनांदगांव (दावा)। जिले में सडक़ों की स्थिति को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर सडक़ों के मरम्मत एवं पैचवर्क कार्य में तेजी लाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण अंचल की सडक़ों का सतत निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा सके। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित निर्माण एजेंसियों द्वारा नेशनल हाईवे मार्ग सुंदरा से ग्राम सुंदरा बस्ती तक, ग्राम सोमनी से परमालकसा-ठेकवा मार्ग तथा ग्राम देवादा से ग्राम टेड़ेसरा तक सडक़ों के गड्ढों और जर्जर हिस्सों का युद्धस्तर पर पैचवर्क व मरम्मत कार्य कराया गया है। इन महत्वपूर्ण मार्गों के दुरुस्त होने से राहगीरों और वाहन चालकों को हिचकोलेदार सफर से मुक्ति मिली है और दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आई है।

नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष जोर
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जिलेभर की सडक़ों का नियमित अंतराल पर स्थलीय निरीक्षण किया जाए। जहां कहीं भी सडक़ें जर्जर या गड्ढों से युक्त पाई जाएं, वहां बिना किसी विलंब के तत्काल पैचवर्क कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों को जोडऩे वाले ये मार्ग किसानों, छात्र-छात्राओं और दैनिक यात्रियों के लिए आवागमन की प्रमुख जीवनरेखा हैं। फसल परिवहन, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सडक़ों का दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक था। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में बेहतर यातायात और सुगम सडक़ तंत्र स्थापित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here