डॉ. जे.बी. सिंह स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट का समापन समारोह
राजनांदगांव (दावा)। शहर के रॉयल किड्स कॉन्वेंट में आयोजित डॉ. जे.बी. सिंह मेमोरियल फुटबॉल कप का समापन समारोह बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अंकिता शर्मा, (एसपी राजनांदगांव) उपस्थित थी और अध्यक्षीय अतिथि के रूप में सुश्री रेखा पदम अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्लेयर ने शिरकत की।
सुश्री अंकिता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हार और जीत से बच्चों को निराश नहीं होना चाहिए। क्योंकि हार कर जीतने वाले को ही बाजीगर कहा जाता है हर विद्यार्थी को अपना गोल निर्धारित करना चाहिए और उसी पर निरंतर काम करना चाहिए। कोई भी गोल केवल स्व. कल्याण केंद्रित न होकर समाज और देश के लिए भी केंद्रित होना चाहिए। सफलता तभी मिलती है। जब हम अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करें और देश-समाज की सेवा में योगदान दें। छात्रों से उन्होंने पालकों से आव्हान करने को कहा कि हमेशा यातायात नियमों को अपनाकर गाड़ी चलाएं। स्वयं भी सुरक्षित रहें। दूसरों को भी सुरक्षित रहने दे एवं हेलमेट जरूर पहनें। उन्होंने यह भी बताया कि इस शहर में यह उनका पहला पब्लिक प्रोग्राम है जिसमें वह शामिल हुई हैं। रॉयल किड्स कान्वेंट का नाम काफी सुना है। पढ़ाई लिखाई, कैरियर निर्माण के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आप लोग बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसी कड़ी में सुश्री रेखा पदम ने बच्चों से कहा खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। हार जीत की भावना से नहीं। इस दौरान शाला की अध्यक्षा डॉ. श्रीमती सविता जेबी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, बोर्ड मेंबर टी.एस. बग्गा, प्रशासक निदेशक संजय बहादुर सिंह, सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांस बहादुर सिंह, श्रीमती मनीषा सिंह, श्रीमती ईला सिंह, अकेडमिक डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल, प्राचार्य श्रीमती एकता खंडेलवाल, बरसर कोषाध्यक्ष डॉ. इंद्रकुमार वैष्णव मंच पर उपस्थित थे। शाला की अध्यक्षा डॉ. सविता जेबी सिंह ने बताया कि रॉयल किड्स कॉन्वेंट की स्थापना सन् 1984 में डॉ. जेबी सिंह ने की थी और यह विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करता है। जैसे कि फुटबॉल मैदान, बास्केटबॉल कोर्ट और विभिन्न इंडोर खेल सुविधाएं आदि है। फाउण्डर डॉ. जे.बी. सिंह शिक्षा के साथ-साथ खेल को भी बहुत महत्व देते थे। उन्हीं की स्मृति में हर वर्ष शाला में फुटबॉल मैच का आयोजन होता है और उन्होंने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने की घोषणा की।
शाला के बोर्ड मेंबर श्रेयांश बहादुर सिंह स्पोर्ट्स टीचर नवीन शर्मा एवं इमरान खान के साथ मिलकर वर्षभर बच्चों को फुटबॉल की नि:शुल्क कोचिंग देते हैं। अंत में रॉयल किड्स कान्वेंट शाला परिवार बच्चों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देता है और सुश्री अंकिता शर्मा (एसपी) एवं सुश्री रेखा पदम को धन्यवाद ज्ञापित करता है। फाइनल मैच में गायत्री विद्यापीठ ने आरकेसी से 1-0 से ट्राफी अपने नाम की। ममता मिश्रा, अपर्णा वर्मा, सरिता सिंह, सोनल अंजोरियो, स्वाति पाण्डे ने समस्त प्रतिभागियों को आशीर्वाद दिया। हेड गर्ल शैली अग्रहरि, राज हर्ष बाफना, शौर्य प्रताप सिंह, वैभवी खंडेलवाल, महेश्वर चंद्रवंशी, अंतरा गोसाई ने अतिथियों का स्वागत किया।



