पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने दर्ज कराई थी शिकायत
राजनांदगांव (दावा)। केले की फसल लगी दूसरे के खेत को किराए में लेकर उसमें चना फसल बोने का झूठा विवरण प्रस्तुत कर फर्जी फसल बीमा कराने व उक्त फर्ज़ी फसल बीमा की राशि अपने बैंक खाते में अंतरित करवा लेने वाले दो आरोपियो को छुरिया पुलिस ने धर दबोचा है। उक्त दोनों आरोपी अमित वर्मा पिता संतोष वर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी मासूल (घुमका) व परमेश्वर बिहू पिता प्रकाश साहू उम्र 29 वर्ष छूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम खूंटा छूरिया निवासी बताया जाता है। पुलिस ने फर्जी फसल बीमा की राशि अपने खाते में अंतरित कराने वाले दोनों आरोपियों को गिरफतार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
छुरिया थाना प्रभारी ने बताया कि गत 8 सितंबर को खुज्जी विधान सभा क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि ग्राम आमगांव, थाना छुरिया स्थित रैलिस बायो एनर्जी प्रा. लिमिटेड के पार्टनर जय बग्गा, वैभव गोलछा एवं सुदर्शन वर्मा के नाम दर्ज 34 खसरा, लगभग 50 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विगत एक वर्ष से अधिक समय से केले की फसल लगी हुई थी। उक्त भूमि पर वर्ष 2024-25 में चना फसल दर्शाकर फसल बीमा कराया गया तथा बिना फसल कटाई एवं पंचनामा के कृषि विभाग के अधिकारी, पटवारी एवं बीमा एजेंट की कथित मिलीभगत से चना फसल में नुकसान बताकर 25 लाख रुपये से अधिक की बीमा राशि का भुगतान कराया गया।
शिकायत के संबंध में तहसीलदार छुरिया/वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड छुरिया की ओर शिकायत पत्र दी गई थी। शिकायत के संबंध में कलेक्टर द्वारा तहसीलदार छुरिया विजय कोठारी की अध्यक्षता में पांच सदस्यों का जांच दल गठित किया गया था। जांच दल द्वारा शिकायत के संबंध में संपूर्ण जांच पर अमित वर्मा पद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भारतीय कृषि बीमा कंपनी एवं सी.एस.सी. संचालक परमेश्वर साहू के द्वारा फर्जी तरीके से दोनों के द्वारा मिलीभगत कर कृटरचित दस्तावेज पोर्टल में प्रस्तुत कर एवं फर्जी फसल बीमा कराकर विभागीय योजना के राशि 23,28,944.35 रुपए को दोनों मिलकर राशि को परमेश्वर साहू, परमेश्वर साहू की पत्नी गंगेश्वरी साहू एवं रुक्मणी कंवर के बैंक खाते में राशि अंतरण करा लेना पाया गया।
कृषि विभाग द्वारा भी आरोपियों के खिलाफ़ रिपोर्ट दर्ज
इस पर कृषि विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने निर्देश देने पर आवेदक गौकरण प्रसाद सहाड़े प्र. वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड छुरिया के द्वारा घटना के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने बाबत लिखित प्रतिवेदन मय दस्तावेज पेश करने पर आरोपीगण अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 294/2025 धारा 316(5), 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) बी.एन.एस. के तहत 12 दिसंबर 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा मैडम के निर्देशन में छुरिया पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए शनिवार 13 दिसंबर को घटना कारित करने वाले आरोपियों की पता तलाशी की गई और उन्हें हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई इस पर दोनों आरोपियों ने उक्त अपराध घटित करना स्वीकार किया। इस पर दोनों आरोपी को रविवार 14 दिसंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमाण्ड हेतु भेजा गया है। थाना प्रभारी छुरिया ने बताया कि प्रकरण में विवेचना जारी है, विवेचना दौरान अन्य आरोपियों के संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



