आए दिन गिर रहे दोपहिया वाहन चालक, प्रशासन की अनदेखी से गहरा रहा आक्रोश
राजनांदगांव (दावा)। शहर का व्यस्ततम रेलवे स्टेशन मेन रोड इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। विशेष रूप से मेन रोड से रेस्ट हाउस (विश्राम गृह) की तरफ मुडऩे वाले मोड़ पर सडक़ की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है।
मोड़ पर बिछी है ‘खतरों की चादर
इस महत्वपूर्ण मोड़ पर सडक़ का डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और गहरे गड्ढे उभर आए हैं। सडक़ पर फैली गिट्टियों के कारण यह स्थान किसी ‘स्लिपरी जोन’ से कम नहीं है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि मोड़ काटते समय दोपहिया वाहनों के टायर यहां फिसल जाते हैं, जिससे आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल
रेलवे स्टेशन और रेस्ट हाउस जाने के लिए यह मुख्य रास्ता है, जहां से दिन भर हजारों लोग गुजरते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। रात के समय अंधेरे में इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ जाती है। क्षेत्र के नागरिकों ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इस खतरनाक मोड़ की तत्काल मरम्मत कराई जाए। नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव उक्त गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर तत्काल मरम्मत कराकर लोगों को राहत पहुंचायेंगे। ऐसी जन अपेक्षा हेै।



