महापौर ने मोहारा फिल्टर प्लांट और जलाशय का किया निरीक्षण, नहरों की सफाई के निर्देश
राजनांदगांव । भीषण गर्मी के दौरान शहरवासियों को सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। ग्रीष्म ऋतु में शिवनाथ नदी के जल स्तर में होने वाली गिरावट को देखते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने मटियामोती जलाशय, मोगरा बैराज और मोखली एनीकट में शहर के लिए पर्याप्त पानी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को महापौर ने निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, जल विभाग प्रभारी सुनील साहू, लोककर्म प्रभारी सावन वर्मा और राजस्व प्रभारी राजा माखीजा के साथ मोहारा शिवनाथ नदी एवं मटियामोती जलाशय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने बताया कि मोहारा एनीकट में वर्तमान में जल स्तर 4 फीट तक कम हो गया है। रॉ-वाटर की कमी को पूरा करने के लिए जल संसाधन विभाग को पहले ही पत्र भेजकर पानी आरक्षित रखने का आग्रह किया गया है।
मटियामोती जलाशय के निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने महापौर को अवगत कराया कि राजनांदगांव शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए जलाशय में 300 एमसीएफटी पानी सुरक्षित रखा गया है। महापौर ने निर्देश दिए कि गर्मी बढऩे पर प्रथम चरण में 50 एमसीएफटी पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद आवश्यकतानुसार चरणबद्ध तरीके से पानी लिया जाएगा। महापौर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी छोडऩे से पहले नहर और नालियों की अच्छी तरह सफाई कराई जाए ताकि पानी की बर्बादी न हो और वह सीधे मोहारा एनीकट तक पहुंचे। उन्होंने एनीकट के आसपास साफ-सफाई रखने और फिल्टर प्लांट में ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के भी निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शहर की पेयजल सप्लाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और इसके लिए अभी से बैकअप प्लान तैयार रखा जाए।


