Home छत्तीसगढ़ देवादा मेंटल हॉस्पिटल में मर्डर से सनसनी : मरीज की पीट-पीटकर हत्या,...

देवादा मेंटल हॉस्पिटल में मर्डर से सनसनी : मरीज की पीट-पीटकर हत्या, सुरक्षा में चूक पर फूटा परिजनों का गुस्सा….

86
0

राजनांदगांव (दावा)। सोमनी थाना क्षेत्र के देवादा स्थित मानसिक चिकित्सालय (मेंटल हॉस्पिटल) में बुधवार की रात एक भर्ती मरीज की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि जिला प्रशासन में भी हडक़ंप मचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया। सोमनी थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव ने बताया कि मृतक की पहचान चिखली (राजनांदगांव) निवासी कामता प्रसाद बंजारे (42 वर्ष) के रूप में हुई है। कामता प्रसाद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने के कारण उसे इलाज के लिए देवादा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात अज्ञात आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मृतक और आरोपी के बीच काफी संघर्ष हुआ होगा। हमले में कामता प्रसाद के सिर पर गंभीर चोटें आई थी। जिसके कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्रबंधन की लापरवाही : बंद मिले सीसीटीवी कैमरे
जांच के दौरान पुलिस को सबसे बड़ी चुनौती अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मिल रही है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन वे बंद पड़े हैं। इस तकनीकी खामी के कारण पुलिस को हत्यारे की पहचान करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

18 मरीजों पर शक, पूछताछ बनी टेढ़ी खीर
जिस समय यह खूनी संघर्ष हुआ उस वार्ड में कुल 18 मरीज भर्ती थे। पुलिस को अंदेशा है कि इन्हीं मरीजों में से किसी एक ने वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि भर्ती मरीज अत्यधिक नशे, भूलने की बीमारी और अन्य गंभीर मानसिक रोगों से ग्रसित हैं। जिससे उनसे पूछताछ करना और किसी ठोस नतीजे पर पहुंचना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया था। सोमनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन द्वारा पीडि़त परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आ रही है।

पुलिस की सूक्ष्म जांच जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल संचालक डॉ. गुप्ता से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून से सनी मिट्टी और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस जघन्य कृत्य के पीछे किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ है या यह अंदरूनी सुरक्षा की विफलता का परिणाम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here