अम्बागढ़ चौकी। क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चिखाली में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम निवासी अंदराम मलगामे के घर की बाड़ी में रखी लगभग 7 एकड़ की पैरावट में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मेहनत से जुटाई गई पूरी पैरावट जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी पैरावट जलकर खाक हो चुकी थी। यह पैरावट सिर्फ सूखी घास नहीं थी, बल्कि पूरे साल मवेशियों के चारे का सहारा थी. एक किसान की मेहनत, उम्मीद और भविष्य उसी में बसता है। आग की लपटों ने कुछ ही पलों में सब कुछ छीन लिया।
हालांकि गनीमत रही कि आग समय रहते आसपास के घरों तक नहीं पहुंची, वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। गांव के लोग और परिवारजन दहशत में आ गए थे, लेकिन बड़ी दुर्घटना टल गई। अब सबसे बड़ी चिंता मवेशियों के चारे को लेकर है। अंदराम मलगामे के घर में दस पशु हैं, और इस नुकसान के बाद उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। एक किसान के लिए यह सिर्फ नुकसान नहीं, बल्कि उसके सपनों का जलना है प्रशासन से मांग है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस मुश्किल समय से उबर सकें।



