Home समाचार हंगामेदार रही सामान्य सभा, सभी 7 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, जर्जर भवन...

हंगामेदार रही सामान्य सभा, सभी 7 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, जर्जर भवन तोडक़र बनेंगे नए व्यावसायिक परिसर, आज होगी बजट पर चर्चा…

23
0

० 2000 सीटर ऑडिटोरियम और सडक़ों के चौड़ीकरण की मिली मंजूरी, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल का हुआ स्वागत
० सामान्य सभा में झूमा-झटकी की आई नौबत, गुंडेबाजी व पागल जैसे शब्द उछले

राजनांदगांव (दावा)। नगर निगम द्वारा मंगलवार 21 अप्रैल को राजा महंत बलराम दास सभागार में 7 विषयों पर आयोजित सामान्य सभा काफी हंगामेदार रहा। सबसे पहले तो संपत्ति कर के मामले में महापौर मधुसूदन यादव को विपक्ष के लोगों ने सत्ता पक्ष को घेरने की खासा प्रयास किया, लेकिन महापौर मधुसूदन यादव के संतुलन जवाब सामने सभी को अपना हथियार डाल देना पड़ा। हालांकि बढ़ी हुई संपत्तिकर को लेकर नेता प्रति पक्ष संतोष पिल्ले ने इसका जमकर विरोध किया। पूर्व सभापति व गौरी नगर के पार्षद हफीज खान भी सामने आए लेकिन। पर बढ़ी हुई संपत्ति कर को समझने में देरी को लेकर दोनों पक्ष ने अपनी-अपनी गलती मानी। बहरहाल संपत्ति कर के मामले में महापौर के एम आई सी बाडी द्वारा पुनर्विचार कर संपत्ति कर घटने का फैसला आगामी सामान्य सभा के लिए छोड़ दिया गया है।

 

सामान्य सभा में पहला मुद्दा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन की स्वीकृति से संबंधित रहा। वहीं दूसरा विषय जाति प्रमाण पत्र तथा तीसरा विषय रानी अवंती बाई लोधी चौक नाम रखे जाने पर था । इस पर वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने जिस वार्ड में उक्त प्रतिमा है उस वार्ड के पार्षद की सहमति नहीं लेने पर नाराजग़ी ज़ाहिर की और इसे विपक्षी पार्षदों की अवहेलना बताया। इसी तरह श्री पिल्ले ने इसके नाम पट्टिका की त्रूटि पर भी सवाल उठाया और नेता प्रतिपक्ष का नाम नहीं होने पर आपत्ति जताई। इस पर वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा द्वारा इसे सर्व सम्मति से पास किए जाने का अनुरोध करने व स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी द्वारा प्राणों की बलि दिए जाने की बात कही जाने पर रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर चौक रखे जाने सहित अन्य विषय सर्वसम्मति से पास हो गया।


जीर्ण-शीर्ण मकान तोड़े जाने के विषय पर हो-हल्ला
सामान्य सभा का 4 था विषय नगर निगम सीमा क्षेत्र में स्थित जीर्ण-शीर्ण मकान/भवन को तोड़े जाने के संबंध में था। इस पर वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने कड़ा प्रतिरोध जाहिर किया। उन्होंने कहा कि निगम की आय बढ़ाने की आड़ में पुरानी विरासत की भवन? को तोड़ कर निगम क्या बताना चाहता है, समझ से परे है। इस दौरान बूढ़ा सागर सौंदर्यीकरण भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग उलझे रहे। इस पर सदस्यों को समुचित जानकारी नहीं दिए जाने पर सदन में काफी हो- हल्ला की स्थिति निर्मित रही। लिखित और मौखिक जवाब की बात सामने आई। इस दौरान शिव वर्मा द्वारा दोनों पक्ष के लोगों में बीच -बचाव करते देखे गए। इस बीच ऐसा भी समय आया जिसमें पूर्व काल के गड़े मुर्दे भी उखड़े। गुंडा बाजी जैसे शब्द सामने आये। जिसे लेकर महिला पार्षद मणि भास्कर गुप्ता व नेता प्रति पक्ष संतोष पिल्ले आमने-सामने आ गए।

राजस्व में बढ़ोतरी को लेकर किए जा रहे उपक्रम
उपर बताए जा चुका है कि सदन में विपक्ष ने पुराने मुद्दों पर हुए भ्रष्टाचार को उखेड़ा जिसमें बूढ़ासागर मुद्दा अहम रहा। पार्षद हफीज खान ने बूढ़ासागर पर की गई कितनी कार्रवाई और उसके परिणामों पर निशाना साधा। वहीं विपक्ष के पार्षद राजा तिवारी ने भ्रष्टाचार के संबंध में छपे पेपरो की कटिंग को माला बनाकर कर प्रदर्शित किया। इन सब बातों का महापौर मधुसूदन यादव ने विपक्ष को करारा जवाब दिया और कहा कि तकनीकी आधार पर जो रिपोर्ट बनी है उस पर संबंधित लोगों को निलंबित किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि तत्संबंधित मौखिक जानकारी दी गई है लिखित में देने का ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। बता दें कि आज की सामान्य सभा में राजस्व में बढ़ोतरी को लेकर निगम परिसर की दुकानों का जीर्णोद्धार, शापिंग काम्प्लेक्स एवं मरम्मत प्रक्रिया का प्रस्ताव लाया गया। जिस पर महापौर मधुसूदन यादव द्वारा क्रमबद्ध निगम की सभी दुकानों, शापिंग कांप्लेक्स का उल्लेख कर उसे व्यवसाय के स्रोत और राजस्व में मजबूती कोड़ लेकर बात कही।

निगम के करोड़ों की बजट पर चर्चा होना बाकी
इधर नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले द्वारा ट्रीपल इंजन की सरकार होने के बावजूद भी राजस्व में कमी की बात आश्चर्यजनक कही जाने से एक बार फिर हो-हल्ला की स्थिति निर्मित हो गई। सभापति के आसंदी तक पहुंचकर झूमा-झटकी की भी नौबत आन पड़ी। विपक्ष द्वारा महतारी वंदन पेंशन योजना में विगत 6 माह से हितग्राहियों को पैसा नहीं मिलने व इसके लिए फिर से ई- केवाईसी कराने को लेकर महापौर को घेरा तथा चेतावनी भी दी गई है पेंशन योजना की राशि हितग्राहियों के खाते में नहीं गई तो विपक्ष इसके लिए आंदोलन करेगा। महापौर मधुसूदन यादव सबका एक-एक कर के जवाब देते हुए नजर आए और उन पर भारी पड़े। विपक्षी द्वारा सत्ता पक्ष को घेरे जाने पर उन्हें जवाब देने एमआईसी मेंबर सावन वर्मा पार्षद, मणि भास्कर गुप्ता, राजेश जैन रानू, शैकी बग्गा, जैनम बैद, राजा माखीजा, आलोक श्रोती आदि ज्यादा मुखर रहे। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई सामान्य सभा में जब-तब बिजली गुल होने से लोग परेशान होते रहे। भीषण गर्मी में लाइट गुल होने पर कुछ समय के लिए सभा को स्थगित कर देनी पड़ती थी। इस पर भी विपक्षी जुमले कसने से बाज नहीं आए। बार-बार बिजली गुल के चलते अन्य विषयों पर चर्चा होने में विलंब होते रहा और लाइन आते ही शाम को साढ़े पांच बजे के बाद तक भी चर्चा जारी रहा। दो दिनों तक चलने वाली निगम की सामान्य सभा में आज 22 अप्रैल बुधवार को निगम के करोड़ों की बजट पर चर्चा की जाएगी। उक्त चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत शहर के विभिन्न स्थानों में होने वाले कार्यों व निविदा आदि पर सदन में विचारार्थ उपरांत अनुशंसा के मुहर लगाएं जाएंगे। बैठक में नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल का महापौर मधुसूदन यादव, नेताप्रतिपक्ष संतोष पिल्ले तथा आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के अंत में राष्ट्रगान के पश्चात पार्षदों के दिवंगत परिजनो में पार्षद कमलेश बंधे के स्वर्गवासी भाई अमित बंधे को तथा रवि सिन्हा के स्वर्गवासी पुत्र प्रियश सिन्हा को दो मिनट की मौन श्रद्धांजली दी गयी। बैठक में सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यों, पार्षदो के अलावा अधिकारी कर्मचारी एंव पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here