ई-केवाईसी कराना अनिवार्य : सर्वर डाउन होने से हितग्राही परेशान, सूचना चस्पा करने की उठी मांग
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत आम नागरिकों व राशन कार्डधारियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समस्त पात्र हितग्राहियों को चालू माह अप्रैल व मई सहित आगामी जून माह सहित तीन माह का चावल एक मुस्त दिया जा रहा है। हालांकि अप्रैल माह में तीन माह के एकमुस्त चावल देने के लिए राशन दुकानों में भंडारण नहीं होने के कारण कई राशन दुकानों में सिर्फ अप्रैल माह का ही चावल दिया जा रहा है। अब जानने में आया है कि जिले में संचालित सभी 498 उचित मूल्य के दुकानों में तीन माह के कोटे का खाद्यान्न आबंटित कर दिया गया है। वहीं कलेक्टर के निर्देश पर नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा जिले के लगभग सभी दुकानों में चांवल का भंडारण पूर्ण कराया जा रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों को तीन महीने का चांवल एक मुस्त मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इधर खाद्य विभाग ने भी जिले के समस्त राशनकार्ड धारियों से अपील की है कि वे अपने संबंधित राशन दुकानों पर जा कर तीन माह का चांवल एकमुश्त प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही कहा गया है कि उक्त वितरण के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या आती है या दुकान संचालक द्वारा इस संबंध में हील-हवाला या अनियमितता बरती जाती है तो वे अपने क्षेत्र के संबंधित खाद्य निरीक्षक अथवा जिला खाद्य कार्यालय में संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराना अनिवार्य
बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य शासन के निर्देशानुसार इस अप्रैल माह से मई और जून माह तक तीन माह का चावल एक साथ दिया जाना है, लेकिन इसके लिए हितग्राहियों को राशन कार्ड में मुखिया सहित जिनके नाम दर्ज हैं। उनका ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। हितग्राही अपने राशनकार्ड में वर्णित सदस्यों का ई-केवाईसी करा भी रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन के चलते लोगों का ई-केवाईसी नहीं हो पा रहा है। इससे भी लोग परेशान हैं। बताया जाता है कि कई हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराने की ही जानकारी नहीं है। इसके लिए राशन दुकानों में सूचना चस्पा कराए जाने की बात कही जा रही है, ताकि उक्त हितग्राही अपना राशन पाने से वंचित न हो सके।
ई-केवाईसी कराने राशन दुकानों में ई-पाश मशीन उपलब्ध
बताया जाता है कि एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना के तहत हितग्राहियों के आधार की जानकारी प्रमाणीकृत होना जरूरी है। जिले के सभी राशन दुकानों में ई-केवाईसी कराने के लिए ई-पाश मशीन उपलब्ध कराई गई है। जो कि पूरी तरह निशुल्क किया जाता है। इसके लिए राशनकार्ड धारी मुखिया व राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों को अपने संबंधित राशन दुकान में जाकर अपने-अपने आधार नंबर के साथ वहां दुकान दार से ई-पाश मशीन से प्रत्येक सदस्य के आधार नंबर की पृथक-पृथक प्रविष्टि करा कर और अपना फिंगर प्रिंट स्कैन करा कर ई-केवाईसी का कार्य पूरा कराया जा सकता है। लखोली वार्ड नं. 36 में संचालित उचित मूल्य के दुकान वाले ने बताया कि अभी दुकान में खाद्यान्न के भंडारण नहीं होने से हितग्राहियों को मात्र अप्रैल माह का ही चावल दिया जा रहा है। अगले मई महिने में मई और जून दो महीने का चांवल एकमुश्त वितरण किया जाएगा।
सूचना दुकानों में चस्पा कराने की जरूरत
बताते चलें कि खाद्य विभाग द्वारा पीड़ीएस का राशन लेने के लिए जहां अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी कराने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं, लेकिन कई राशनकार्ड धारी अपने राशनकार्ड का ई-केवाईसी कराने से अनभिज्ञ हैं और उनके द्वारा अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई है। ऐसे में राशन दुकानों में हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराने के लिए सूचना चस्पा कराने की जरूरत बताई जा रही है। जिससे जिन्हें जानकारी नहीं है। वे अपने राशन कार्ड में मुखिया सहित जितने दर्ज सदस्य हैं। उनका आधार नंबर व फिंगर प्रिंट स्कैन करवाकर ई-केवाईसी करा सके। लखोली वार्ड नं. 36 के राशन दुकानदार ने बताया कि हितग्राहियों का ई-केवाईसी करने के लिए दुकान में ई-पाश मशीन उपलब्ध हैं। हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराने पर ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा।



