0 सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, व्यापारियों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर जताया रोष
0 रेलवे स्टेशन और लक्ष्मीबाई स्कूल रोड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था शून्य होने का आरोप
राजनांदगांव (दावा)। शहर में आए दिन हो रही चोरी व चाकूबाजी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। खासकर शहर के भीतरी भागों में व्यवसायियों के दुकानों में हो रही चोरी के चलते व्यापारियों में पुलिस के प्रति रोष उत्पन्न हो गई है। शहर के विश्राम गृह रोड के अनमोल इंडिया परिसर स्थित आरसीएम इंटरप्राइज में 1 मई की बीती रात हुई लाखों की चोरी से व्यापारियों खासा रोष उत्पन्न है। इस संदर्भ में व्यापारी संगठन चेंबर ऑफ कॉमर्स के द्वारा पुलिस अधीक्षक के नाम से ज्ञापन सौंपा गया। बताया जाता है कि 31 मई की देर रात उक्त एंटरप्राइज एजेंसी में मुंह में नकाब लगाये चोरों ने बड़े आराम से उक्त चोरी कार्य को अंजाम दिया। बताया तो यहां तक जाता है कि एक से अधिक की संख्या में चोरों ने 2-3 घंटे तक उक्त एजेंसी में चोरी की और वहां रखे लगभग 12 से 15 लाख रुपए के सामानों को स्कूटी में रख कर अन्यत्र ले जाया गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद है चोरों की वारदात
चोरों की उक्त वारदात सीसीटीवी टीवी कैमरे के फुटेज में आने की बात कही जा रही है। व्यापारी संगठन चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अरुण डुलानी ने बताया कि चोर 31 मई की देर रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच पूरे फुरसत से चोरी कार्य को अंजाम देते रहे, लेकिन पुलिस का इस बीच किसी तरह सुरक्षा गस्त नहीं देखी गई। व्यापारियों का कहना है कि रेल्वे स्टेशन के समीप महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल रोड में करीने से स्थित व्यापारियों के दुकानों में भीड़भाड़ रहने व वाहनों की आवाजाही बनी रहने से यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस दिन में कई चक्कर लगा लेती है, लेकिन रात्रि में सूरक्षा के नाम पर शून्य रहता है। इस क्षेत्र में पुलिस का पहरा और न गस्त देखी जाती है। इससे चोरों को बड़े मजे से चोरी करने का मौका मिलता है।
पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा ज्ञापन
उक्त संदर्भ में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने पहुंचे व्यापारी संगठन के लोगों में अध्यक्ष कमलेश बैद, सचिव अरुण डुलानी, कोषाध्यक्ष शिव अग्रवाल सहित भीमन धनवानी, राजकुमार बाफना समाज के वरिष्ठ आवतराम तेजवानी, संजय तेजवानी, गुरुमुखदास वाधवा, पीडि़त राम तेजवानी, हरि तेजवानी के अलावा सिंधी समाज के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। जिनके द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को शीघ्र पकड़ कर चोरी किए गए माल की बरामदगी व उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की गई। साथ ही उक्त क्षेत्र में पुलिसिया गस्त सहित सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने हेतु निवेदन किया गया ताकि व्यापारी बिना किसी भय व असुरक्षा के निर्भय होकर शांति के साथ अपना व्यापार कर सके। इस पर एक एसपी राठौर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि चोरों को किसी तरह पकड़ लिया जाएगा।
फिलहाल व्यापारी एएसपी राठौर द्वारा शीघ्र ही चोरों को पकड़ लिए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद लौट गए हैं अब देखना है कि अनमोल इंडिया परिसर के आरसीएम एंटरप्राइज एजेंसी में हुई लाखों की चोरी के आरोपी कब तक पकड़े जाते हैं।


