गंडई पंडरिया (दावा)। गंडई क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर बीते कई महीनों से रेत और गिट्टी से भरे ओवरलोड डंपरों का बेखौफ आवागमन आम बात हो गया है, जिससे क्षेत्र में न केवल सडक़ें तबाह हो रही हैं, बल्कि गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में ये ओवरलोड और बिना रॉयल्टी के वाहन बेख़ौफ़ गुजर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार खनिज विभाग इस ओर पूरी तरह से आँखें मूंदे बैठा है। सूत्रों के अनुसार, गंडई क्षेत्र के मुख्य मार्गों से प्रतिदिन सुबह से देर रात तक दर्जनों की संख्या में डंपर और ट्रक ओवरलोड रेत और गिट्टी भरकर गुजरते हैं। यह पूरी प्रक्रिया खुलेआम चल रही है, फिर भी अधिकारियों द्वारा न तो कोई जांच नाका स्थापित किया जाता है, न ही किसी भी स्तर पर इन वाहनों की चेकिंग की जाती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह से संदेह के घेरे में है, और उनकी इस निष्क्रियता के कारण ही ओवरलोड गाड़ीयों के आवागमन में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
इससे स्पष्ट है कि या तो अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर इन अवैध गतिविधियों को मौन स्वीकृति दी जा रही है। अवैध और ओवरलोड डंपर चालकों द्वारा ‘‘ग्राहकों को खुश करने’’ के नाम पर मनमाने ढंग से रेत भरकर चलाया जा रहा है। क्षमता से अधिक भार के कारण क्षेत्र की सडक़ें तेजी से जर्जर हो रही हैं, जिससे आम जनता का आवागमन दूभर हो गया है। सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि ओवरलोड और तेज गति के कारण किसी भी समय कोई गंभीर सडक़ दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। जनता सवाल उठा रही है कि क्या खनिज विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, और यदि समय रहते इन ओवरलोड, बिना रॉयल्टी वाले डंपरों पर प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई, तो विभाग की छवि पर सवाल उठना तय है, और जनता का आक्रोश सडक़ों पर दिख सकता है। ओवर लोड गाडिय़ों में एक गम्भीर समस्या ये भी सामने आ रहा है कि गाडिय़ों में भरे रेत को किसी प्रकार से ढका नही जा रहा है और तेज रफ्तार चलाने पर यही रेत उडक़र सडक़ो में चल रहे बाइकर्स की आखों में जाकर चुभती है जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
जनता पूछती है, अधिकारी क्यों चुप?
ओवरलोडिंग और रॉयल्टी चोरी की जानकारी होने के बाद भी खनिज विभाग ने अब तक कितनी गाडय़िों पर चालान किया है? क्या विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि जर्जर हो रही सडक़ों की मरम्मत का खर्च इन अवैध परिवहन करने वालों से वसूला जाए? क्या विभाग कोई नया जांच नाका स्थापित करने की योजना बना रहा है, या ओवरलोडिंग की ‘‘लूट’’ यूँ ही जारी रहेगी?
वर्जन- बबलू पांडे खनिज विभाग निरीक्षक खैरागढ़ का कहना है कि 16 गाडय़िों पर कार्यवाही की गई है और कार्यवाही आगे निरंतर जारी है।



