Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार के दौरान शिविर में पहुंचे अधिकारियों को वार्डवासियों ने बनाया...

सुशासन तिहार के दौरान शिविर में पहुंचे अधिकारियों को वार्डवासियों ने बनाया बंधक…

75
0

० पट्टा दिलाने की मांग को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था का विरोध कर रहे थे
० जानकारी मिलते ही दल-बल के साथ मौके पर पहुंची पुलिस
० मामला – शहर के वार्ड नंबर 5 इंदिरा नगर का

डोंगरगढ़(दावा)। शहर के वार्ड नंबर 05, इंदिरा नगर स्थित डॉ आंबेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान वार्ड वासियों ने जमीन का पट्टा दिलाने के नाम से शिविर में पहुंचे अधिकारियों को बंधक बनाने का मामला प्रकाश में आया है।

वार्ड वासी विगत अनेक वर्षों से पट्टा देने की मांग कर रहे है। शिविर में आश्वासन नहीं मिलने पर स्थानीय निवासियों ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित वार्डवासियों ने भवन में ताला जडक़र प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पट्टा नहीं मिलने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। कई बार आवेदन और मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक आम्बेडकर भवन में ताला लगा रहा। जिससे कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बल प्रयोग के बीच ताला खुलवाया। घटना के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शनकारियों को पुलिस अपने साथ थाना ले गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस लगभग सौ से अधिक लोगों को अपने साथ पुलिस थाना डोंगरगढ़ लेकर गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वार्ड वासियों का कहना है कि यदि समय रहते पट्टा संबंधी मांगों पर कार्रवाई की जाती, तो सुशासन तिहार के दौरान ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होती। वहीं प्रशासन की ओर से मामले को लेकर अब तक किसी भी प्रकार का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here