आरोपी कंसकारा के विरुद्ध पूर्व में थाना डोंगरगढ़ में एनडीपीएस एक्ट एवं मारपीट जैसे अपराध दर्ज
राजनांदगांव (दावा)। डोंगरगढ़ पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र के एक गुपचुप ठेले वाले के साथ मारपीट करने और धारदार हथियार से वार करने वाले आरोपियों को धर दबोचा है और उनके खिलाफ धारा 296, 118(1), 351(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत की गई कार्यवाही की है। डोंगरगढ़ थाना प्रभारी संतोष जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साजन कंसकारा के खिलाफ पूर्व में थाने में एनडीपीएस एक्ट और मारपीट जैसे मामलो के अपराध दर्ज है।
उन्होंने बताया कि 21 मई गुरुवार को नाकापार पेट्रोल पंप आरा मिल के पास गुपचुप ठेला लगाने वाले प्रार्थी के पास आरोपी श्याम राज साहू एवं उसके साथी पहुंचे तथा 10-10 रुपये में पेट भर गुपचुप खिलाने की बात कहने लगे। प्रार्थी द्वारा 10 रुपये में पेट भर गुपचुप नहीं मिलने की बात कहने पर दोनों आरोपियों द्वारा एक राय होकर मां-बहन की अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई तथा अपने पास रखे किसी नुकीले धारदार वस्तु से मारपीट की गई, जिससे प्रार्थी के कान के पीछे एवं पीठ-कमर में चोट आई। साथ ही आरोपियों द्वारा प्रार्थी के पुत्र के साथ भी नुकीली धारदार वस्तु से मारपीट की गई, जिससे उसके कान के पीछे, कंधे एवं हाथ में चोट आई।
पुलिस द्वारा उन आरोपियों श्यामराज पिता राजेश साहू उम्र 21 वर्ष निवासी बुधवारी पारा तथा साजन कुमार कंसकारा पिता गंगाराम कंसकारा उम्र 35 वर्ष निवासी नंदेश्वरी पारा वार्ड नं. 2 डोंगरगढ़ को हिरासत में ले लिया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।



