Home छत्तीसगढ़ इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा देकर 3 लाख...

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा देकर 3 लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार…

59
0

ब्लड कैंसर व पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर शहर के युवक को भावनात्मक रूप से फंसाया 

राजनांदगांव (दावा)। बसंतपुर पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ 3 लाख रुपए की हुई धोखाधड़ी के मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि, सोमनी थाना क्षेत्र के टेड़ेसरा निवासी दो युवतियों व एक युवक ने शहर के नंदई निवासी युवक के साथ इंस्टाग्राम में संपर्क कर उससे बीमारी और पारिवारिक कलह का बहाना बना कर 3 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। पीडि़त युवक द्वारा बसंतपुर थाने मे लिखित शिकायत करने उपरांत थाना प्रभारी एमन साहू द्वारा त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपियों से तीन नग मोबाइल जब्त कर तथा उन्हें गिरफ्तार कर जेल की सीखचों में भेज दिया है।

बसंतपुर थाना प्रभारी श्री साहू ने बताया कि, प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि, उसकी पहचान माह अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर, कविता उर्फ दामिनी तथा सोनल उर्फ बबीता से हुई थी। पहचान बढऩे के बाद आरोपीगण द्वारा प्रार्थी से मोबाइल के माध्यम से लगातार बातचीत की जाने लगी। बातचीत के दौरान आरोपीगण द्वारा स्वयं को ब्लड कैंसर, माईग्रेन एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त होना तथा परिवार द्वारा प्रताडि़त किया जाना बताया गया। आरोपीगण द्वारा कभी मां एवं बहन को पैसे देने, तो कभी राशन एवं इलाज के नाम पर प्रार्थी से रकम की मांग की जाती रही।

प्रार्थी आरोपीगण की झूठी एवं भावनात्मक बातों में आकर अलग-अलग किश्तों में कुल 3,00,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका था। बाद में स्वयं के साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी मिलने पर जब प्रार्थी द्वारा अपनी रकम वापस मांगी गई, तब आरोपीगण द्वारा उसे झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 244/2026 धारा 318(4), 308, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु दिशा-निर्देश मिलते ही विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इस पर आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर पिता अशोक कुमार चितवरकर उम्र 35 वर्ष निवासी टेड़ेसरा, कविता उर्फ दामिनी पिता संजय उर्फ सोनू उम्र 19 वर्ष निवासी टेड़ेसरा तथा सोनल उर्फ बबीता पिता संजय सोनू उम्र 22 वर्ष निवासी टेड़ेसरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 नग मोबाइल फोन जप्त कर तथा उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय पेश किया गया जहां से जेल वारंट प्राप्त होने उपरांथ उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है। आरोपियों की धर-पकड़ कार्यवाही में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक श्री साहू सहित उनि. इब्राहिम खान, प्र.आर. दीपक जायसवाल, म.प्र.आर. मेनका साहू, म.आर. राजश्री मरकाम, अनुपमा चन्द्रवंशी एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here