जी.ई.रोड जिला न्यायालय के पास लगे ठेला खोमचा व ममता नगर मार्ग से अतिक्रमण हटाने दी समझाईस
राजनांदगांव (दावा)। शहर के लखोली बैगापारा अटल आवास क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते एक दामाद द्वारा अपने ही बुजुर्ग ससुर पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटी और नाती के लिए खाना लेकर पहुंचे ससुर ने जब दामाद को अपनी बेटी को पीटते देखा और बीच-बचाव किया, तो सिरफिरे दामाद ने उन पर ही हमला कर दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बेटी को गालियां दे रहा था दामाद, बीच-बचाव करने पर ससुर पर टूटा
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह ने बताया कि पीड़ित (प्रार्थी) ससुर ने मंगलवार 2 जून की रात थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार 1 जून की रात करीब 10:30 बजे अपनी बेटी और नाती के लिए खाना लेकर लखोली स्थित उनके घर गया था। जैसे ही वह दरवाजे के पास पहुंचा। उसने देखा कि उसका दामाद दुर्गेश पटेल (उम्र 31 वर्ष), पिता स्व. खेलन पटेल उसकी बेटी अंशिका पटेल को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था और हाथ-थप्पड़ से बेरहमी से पीट रहा था। बुजुर्ग ससुर ने जब दामाद दुर्गेश को ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने अपने ससुर को भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे बुजुर्ग ससुर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
नशे की हालत में पहले भी कर चुका है कई बार मारपीट
पीडि़त ससुर ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसका दामाद दुर्गेश पटेल शराब का आदी है और पूर्व में भी नशे की हालत में कई बार उसकी बेटी और उसके साथ मारपीट कर चुका है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 285/26, धारा 296, 351 (2), 118 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुश्री अंकिता शर्मा को घटना से अवगत कराया गया। उनके कड़े निर्देश और मार्गदर्शन में कोतवाली की पेट्रोलिंग पार्टी ने तत्काल दबिश देकर आरोपी दुर्गेश पटेल को अटल आवास बैगापारा लखोली से हिरासत में लिया। थाने लाकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने का धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी श्री शाह ने बताया कि आरोपी दुर्गेश पटेल पुराना आदतन अपराधी है। वह पूर्व में भी वर्ष 2018 में अपराध क्रमांक 668/18 धारा 324 (आईपीसी) के तहत जेल जा चुका है।



