Home छत्तीसगढ़ पानी टंकी ठेकेदार महीनों से लापता, ढूंढने के लिए थाने में आवेदन…

पानी टंकी ठेकेदार महीनों से लापता, ढूंढने के लिए थाने में आवेदन…

6
0

करमरी में पानी के लिए त्राहीत्राही-अधूरे टंकी को लेकर बिफरे ग्रामीण
अधूरे निर्माण से नाराज है ग्रामीण, जान का भी खतरा, 8 माह से काम बंद

डोंगरगांव (दावा)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करमरी में ग्रामीणों को पानी की समस्या न हो इसके लिए पानी टंकी स्वीकृत हुई. जैसे-तैसे निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ और ठेकेदार निर्माण के दौरान महत्वपूर्ण कार्यों को अधूरा छोडकऱ चला कई माह से लापता है. अधूरे निर्माण के चलते अप्रिय घटना होने की संभावना को देखते हुए ग्राम करमरी के सरपंच, ग्राम प्रमुख और पंचो सहित अन्य ग्रामीणों डोंगरगांव थाना पहुंचे और ठेकेदार के लापता होने की सूचना थाना प्रभारी को दी. इस दौरान उन्होंने संभावित खतरे से थाना प्रभारी को अवगत कराया है.

ग्राम करमरी के सरपंच दीनदयाल साहू, वीरेंद्र कुमार उपसरपंच, ग्राम प्रमुख दुखुराम निर्मलकर, रामेश्वर देवांगन, धनीराम साहू, छगन साहू सहित पंच तिजूराम निर्मलकर, सुरेंद्र विश्वकर्मा, झनक कामले, मनीषा निर्मलकर, तमेश्वरी साहू, फूलवंतीन मंडावी ने बताया कि ग्राम पंचायत करमरी में पानी टंकी का निर्माण लगभग 06 वर्ष पहले पानी टंकी एवं पाइप लाइन का विस्तार किया गया. जिसमें पानी टंकी का आहता निर्माण आधा अधूरा है एवं ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है.
आहता निर्माण आधा अधूरा छोडऩे से पानी बंद चालू करने के लिये बनाये गये गढ्ढा एवं आहता निर्माण नहीं होने से पानी टंकी सीढ़ी के माध्यम से खुला होने के कारण अनेक संभावित खतरे हैं. उन्होंने बताया कि ठेकेदार भरतेष परमार निवासी रायपुर को तथा पीएचई को फोन लगाने पर आयेगें व काम कर दिया जाएगा, कहकर टाल मटोल किया जा रहा है.
वहीं भीषण गर्मी में पानी टंकी से ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से ग्राम पंचायत में विवाद की स्थिति बन रही है. उन्होंने बताया कि ग्राम करमरी में 15 सौ की जनसंख्या और 10 वार्ड हैं जिसमें से केवल एक वार्ड में पानी की सप्लाई हो पा रही है, बाकी के बचे वार्ड में पानी नहीं पहुंच पा रहा है. जिससे पीने और निस्तारी के लिए लिए भी बड़ा संकट उत्पन्न हो गया है. करमरी सरपंच श्री साहू ने इस मामले की शिकायत सीएम हेल्प लाइन में भी की है।
पीएचई विभाग के करमरी क्षेत्र की इंजीनियर आरती जैन से मिली जानकारी के अनुसार 55 हजार लीटर की क्षमता से यह पानी टंकी बनाया गया है, जो सन 2020-21 कि स्वीकृति हुई है, जिसे नौ माह में पूर्ण करना था. पानी के लिए ट्यूबवेल की भी स्वीकृति मिल चुकी है, जल्द ही वह भी हो जाएगा. श्रीमती जैन ने बताया कि ठेकेदार से बात हुई है, कल उनका सुपरवाइजर जाएगा. गड्ढों को ढकने और सीढ़ी में गेट लगाने के लिए कहा गया है.
इस मामले में जब ग्रामीणों ने थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर को ठेकेदार को ढूंढने के लिए आवेदन दिया तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना डोंगरगांव एसडीएम व संबंधित विभाग को दी. साथ ही उन्होंने ठेकेदार श्री परमार को भी कॉल किया लेकिन उन्हीने फोन रिसीव नहीं किया. इस मामले में थाना प्रभारी श्री राहटगावकर ने कहा कि अधूरे निर्माण की जानकारी संबंधित विभाग को प्रेषित की जावेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here