रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के तिल्दा इलाके में 11वीं के छात्र ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। दोनों के बीच पहले गहरी दोस्ती थी लेकिन मोटा कहने के कहने के बाद दोनों एक दूसरे से नफरत करने लगे थे। आरोपी छात्र ने 16 साल के अमन यदु को बोर्ड एग्जाम के दौरान मोटा कहा था। जिसके बाद से दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया।
शुक्रवार को दोनों के बीच मारपीट हुई। जिसके बाद अमन यदु ने चाकू निकाला और हमला कर दिया। लेकिन आरोपी छात्र ने चाकू छीनकर अमन पर ही वार किए जिस कारण से अमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आरोपी छात्र के गर्दन पर चातू लगने से उसे भी गंभीर चोट आई है। आरोपी छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव का है। अमन यदु औऱ उसका दोस्त आरोपी छात्र सासाहोली के रहने वाले हैं। दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और पहले दोस्त भी थे। दोनों सासाहोली के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ाई करते थे। 10वीं कक्षा भी एक साथ पास की थी। 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था।
दोनों के बीच होने लगी थी नाराजगी
अमन को यह बात बुरी लग गई थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी बनी हुई थी। इस बात को लेकर दोनों में मनमुटाव बढ़ता गया। अमन ने आरोपी छात्र से बदला लेने का प्लान बनाया और शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद आरोपी छात्र को रास्ते में बुलाया और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा।
पहले मृत छात्र ने किया हमला
इसी दौरान अमन ने आरोपी छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। लेकिन आरोपी छात्र ने अमन से चाकू छीन लिया और अमन पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से अमन बुरी तरह से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
मोटा कहने पर दो छात्रों के बीच हुई दुश्मनी
बदला लेने के लिए चाकू से किया हमला
एक छात्र की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर
आरोपी छात्र का अस्पताल में चल रहा है इलाज
मामले की जांच जारी
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रायपुर ग्रामीण वीरेन्द्र चतुर्वेदी ने कहा कि मोटा कहने पर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मामले की जांच की जा रही है।



