विधानसभा अध्यक्ष के साथ विधायक व सांसद प्रतिनिधि रूपचंद भीमनानी की स्पीकर हाउस में हुई उच्च स्तरीय बैठक, नए सिटी डिवीजन और सब-स्टेशनों को हरी झंडी
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष व स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़, सुगम और निर्बाध बनाने के लिए एक बड़ी पहल की है। रायपुर के शंकर नगर स्थित स्पीकर हाउस में डॉ. रमन सिंह के साथ ऊर्जा विभाग/विद्युत मंडल के विधायक व सांसद प्रतिनिधि रूपचंद भीमनानी की एक कार्य-लक्षित बैठक संपन्न हुई। बैठक में राजनांदगांव की वर्तमान विद्युत व्यवस्था को सुधारने और अगले 25 वर्षों के भविष्य को ध्यान में रखकर बुनियादी ढांचे के उन्नयन व विकास पर बिंदुवार गहन चर्चा की गई। डॉ. रमन सिंह ने जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर राज्य शासन के उच्च अधिकारियों को योजनाबद्ध और त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। खैरागढ़ रोड से लगे शहर के पश्चिमी क्षेत्र को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध बिजली देने के लिए ठेलकडीह से बजरंगपुर नवागांव होते हुए क्य नगर फीडर तक एक नई अंडरग्राउंड केबल बिछाई जाएगी।
नांदगांव शहर को मिलेगा सिटी डिवीजन का दर्जा
शहर के लिए अलग से सिटी डिवीजन बनाने की शासकीय प्रक्रिया शुरू होगी। नया डिवीजन बनने से राजनांदगांव को अधिकारियों और साधन-संपन्न कर्मचारियों का एक पूरा नया सेटअप मिलेगा। वर्तमान अमले की तुलना में संख्या बल दोगुना हो जाने से शहरी क्षेत्र का रखरखाव बेहद सुगम हो जाएगा। शहर के दक्षिणी हिस्से, बसंतपुर रोड, नंदई चौक और उससे आगे के क्षेत्रों की सुगमता के लिए एक नए दक्षिण जोन की प्रस्तावना को गति दी जाएगी।
मोहरा सब-स्टेशन को जल्द मिलेगी मंजूरी
पूर्व में प्रस्तावित मोहरा 33/11 केवी सब-स्टेशन के काम को प्रस्तावना स्तर से निकालकर धरातल पर लाने के लिए उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस सब-स्टेशन के स्थापित होने से राजनांदगांव जिला विद्युत वितरण के मामले में अगले 25-30 वर्षों के लिए पूरी तरह आत्मनिर्भर और निर्बाध हो जाएगा। वर्धमान नगर के पीछे स्थित 18 एकड़ सरकारी जमीन पर एक और नए 33/11 केवी सब-स्टेशन के निर्माण के लिए शासन स्तर पर गंभीर प्रयास शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे शहर का दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र सीधे लाभान्वित होगा।
कुशल मैदानी कर्मचारियों की होगी नई नियुक्ति
बैठक में मैदानी अमले की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वर्तमान में बड़ी संख्या में अस्थाई कर्मी ठेके पर कार्यरत हैं, जो समयबद्ध और तकनीकी कार्यों में उतने कारगर साबित नहीं हो पा रहे हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए डॉ. रमन सिंह ने सीएसपीडीसीएल में पूर्णकालिक कुशल मैदानी कर्मचारियों की अतिरिक्त नियुक्ति के लिए राज्य शासन स्तर पर पहल करने और प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। राजनांदगांव की जनता की समस्याओं के प्रति सदैव सजग रहने वाले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इन सभी महत्वपूर्ण और जनोपयोगी योजनाओं के त्वरित निष्पादन की प्रतिबद्धता व्यक्त की है तथा जल्द ही धरातल पर गंभीर प्रयास और बदलाव का भरोसा दिलाया है।



