बसंतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धोखाधड़ी के पैसों से खरीदी मोटरसाइकिल व मोबाइल जब्त
राजनांदगांव। सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक नई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तरुण निषाद (निवासी ग्राम धामनसरा, चौकी सुरगी, थाना बसंतपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में आरोपी दुर्गेश कुमार यादव (22 वर्ष, निवासी ग्राम मानाटोला, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) अपने मौसा के घर धामनसरा आया था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई। आरोपी ने जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करने का दावा करते हुए प्रार्थी को अपने मोबाइल में कुछ जमीन की तस्वीरें दिखाईं और उसे सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा दिया।
किश्तों में हड़पे साढ़े तीन लाख रुपये
आरोपी दुर्गेश ने जमीन का सौदा 3,50,000 रुपये में तय किया और प्रार्थी को अपने विश्वास में लेकर अलग-अलग किश्तों में फोन के माध्यम से पूरी रकम वसूल ली। पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो प्रार्थी को जमीन दिलाई और न ही उसकी रकम वापस की। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 301/2026, धारा 420 (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर मोहला-मानपुर क्षेत्र से दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, सामान जब्त
कड़ी पूछताछ में आरोपी दुर्गेश यादव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक एसपी-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-08-AY-3881) और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, सउनि गोवर्धन देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली, कुश बघेल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



