Home छत्तीसगढ़ पहली ही बारिश ने खोली रायपुर नगर निगम के दावों की पोल;...

पहली ही बारिश ने खोली रायपुर नगर निगम के दावों की पोल; जलमग्न हुआ आदर्श नगर, घरों में घुसा नाले का गंदा पानी…

31
0

रायपुर। मानसून की पहली ही तेज बारिश ने रायपुर नगर निगम की तैयारियों और बड़े-बड़े दावों की पूरी तरह हवा निकाल दी है। शहर के मोवा स्थित आदर्श नगर (स्ट्रीट नंबर-8) में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। यहाँ उफनते नाले और भीषण जलभराव के कारण जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि सड़क और नाले का अंतर ही खत्म हो गया है और लोगों के घरों में नाले का गंदा पानी भर गया है।

करोड़ों खर्च, फिर भी व्यवस्थाएं ‘फेल’

हर साल मानसून से पहले नगर निगम जल निकासी को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन जमीनी हकीकत पहली ही बारिश में सामने आ जाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हुआ है। आदर्श नगर समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव, गंदगी और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है, जिससे निगम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बाल-बाल बची जान, नाले में बह गई साइकिल

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि बीती रात नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि एक व्यक्ति की साइकिल उसमें बह गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि निगम प्रशासन समय रहते नहीं जागा, तो यहाँ कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। लोग फिलहाल जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।

अतिक्रमण और लापरवाही ने बढ़ाई मुसीबत

रहवासियों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि:

सिकुड़ता नाला: वर्षों से नाले पर लगातार अतिक्रमण होता रहा, लेकिन निगम ने कभी कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। नतीजा यह है कि जो नाला पहले 7 से 8 फीट चौड़ा था, वह अब कई जगहों पर सिकुड़कर महज 4 से 5 फीट का रह गया है।

सफाई का अभाव: लंबे समय से नाले की ढंग से सफाई नहीं की गई है, जिसके कारण कचरा फंसने से बारिश का पानी सड़कों और घरों में बैक मार रहा है।

जनता की मांग: आदर्श नगर के परेशान रहवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि नाले से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए और क्षेत्र में जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here