Home News महंत राजा बलराम दास शासकीय विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव और साइकिल...

महंत राजा बलराम दास शासकीय विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव और साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न..

34
0

राजनांदगांव। महंत राजा बलराम दास शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेश उत्सव और साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर मधुसूदन यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और स्थानीय वार्ड पार्षद प्रमोद झांझड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि मधुसूदन यादव द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही शासन की योजना के तहत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।
एकाग्रता और नियमितता पर अतिथियों का जोर
अपने संबोधन में पूर्व महापौर श्री मधुसूदन यादव ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अच्छी शिक्षा बहुत जरूरी है और इसके लिए बच्चों को पूरी तरह एकाग्रचित्त होकर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित समाधान का हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य माधव सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को शाला में नियमित उपस्थित रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि छात्र शासन द्वारा दी गई साइकिलों का नियमित उपयोग करें, ताकि वे समय पर स्कूल पहुंच सकें और शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
समस्याओं से कराया अवगत
समारोह के दौरान शाला विकास समिति के अध्यक्ष मुकेश बघेल ने अतिथियों का ध्यान विद्यालय की व्यावहारिक दिक्कतों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की कमी सहित अन्य विभिन्न बुनियादी समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया और जल्द से जल्द नई नियुक्तियों व व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। इस सफल कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन वरिष्ठ व्याख्याता शारदा प्रसाद तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला विकास समिति के सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उक्त जानकारी विद्यालय के व्याख्याता हेमंत सिंह द्वारा दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here