शासन के निर्देश पर जिला स्तरीय कमेटी की मौजूदगी में ग्राम सांकरा के निजी प्लांट में विधिवत् निष्पादन, 10 थानों के 59 प्रकरणों का माल हुआ खाक
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार गठित जिला स्तरीय कमेटी के मार्गदर्शन में आज जिला राजनांदगांव के विभिन्न थानों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत जप्त किए गए मादक पदार्थों के नष्टीकरण की एक बड़ी कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 59 प्रकरणों से संबंधित लगभग 270 किलोग्राम गांजा और 1847 नशीली टेबलेट्स को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। नष्टीकरण की यह पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत विधिवत् रूप से संपन्न की गई। इस दौरान जिला स्तरीय कमेटी के अध्यक्ष और राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा (भापुसे), सदस्य व सहायक आयुक्त आबकारी राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, श्रीमती वैशाली जैन (भापुसे) तथा सोमनी थाना प्रभारी दिलीप पटेल सहित विभिन्न थानों के अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
नियमों और पर्यावरण मानकों का रखा गया ध्यान
एनडीपीएस अधिनियम में उल्लेखित कड़े प्रावधानों का पालन करते हुए इस कार्यवाही को ग्राम सांकरा (पोस्ट सोमनी) स्थित ‘श्री जी. पैनल’’ के निजी प्लांट में अंजाम दिया गया। नष्टीकरण से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण विभाग, स्थानीय ग्राम पंचायत और संबंधित फर्म से विधिवत् अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया था, ताकि पर्यावरण या सुरक्षा संबंधी कोई चूक न हो। उपरोक्त नष्टीकरण की कार्यवाही में थाना घुमका के 4, कोतवाली 13, चिखली 5, लालबाग 6, डोंगरगांव 3, बसंतपुर 5, सुरगी 1, सोमनी 8, डोंगरगढ़ 13, मोहारा 1 प्रकरण सम्मिलित किये गये।



