इन्वेस्टीचर सेरेमनी में नांदगांव शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश एच. लाल ने छात्र
प्रतिनिधियों को दिलाई शपथ कर्तव्य, अनुशासन और सेवा से परिपूर्ण हो विद्यार्थियों का व्यक्तित्व, अतिथियों ने दिया संदेश
राजनांदगांव (दावा)। शहर की बहुचर्चित शैक्षणिक संस्थान नीरज पब्लिक स्कूल (एनपीएस) पेण्ड्री में छात्र-छात्राओं के भीतर नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टीचर सेरेमनी (शपथ ग्रहण समारोह) का भव्य आयोजन किया गया।
शाला प्रांगण में आयोजित यह समारोह बेहद गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं मधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर शाला के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य और मनोहारी प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इन्हें मिली छात्र परिषद की कमान
समारोह के मुख्य चरण में नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज और स्शैश प्रदान कर पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीनियर विंग से गौरव ठकवानी को हेड बॉय (शालानायक) और अदिती श्रीवास्तव को हेड गर्ल (शालानायिका) मनोनीत किया गया। वहीं जूनियर विंग से अक्ष देशलहरे को हेड बॉय और सना तलरेजा को हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि नांदगांव शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश एच. लाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि आज विद्यार्थियों को जो दायित्व सौंपा गया है। वह केवल एक बैज या सम्मान नहीं, बल्कि विश्वास और कुशल नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक त्रि-आयामी (3ष्ठ) आकृति हर दिशा से पूर्ण और संतुलित दिखाई देती है, ठीक उसी प्रकार छात्र नेताओं का व्यक्तित्व भी तीन मुख्य गुणों—कर्तव्य, अनुशासन और सेवा से परिपूर्ण होना चाहिए। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र पदाधिकारियों के अभिभावक प्रवीण-जानवी, अनुराग-मोनिका श्रीवास्तव, देवेश-सुखवंतीन देशलहरे, गिरिश-सुमन तलरेजा एवं डॉ. आर. एन. सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही शाला के चेयरमैन संतोष अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर कमलेश उभरानी, सहसचिव भरत ठक्कर, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संतोष कांकरिया, डायरेक्टर पुरुषोत्तम ठक्कर, अर्काटकर एवं शाला की प्राचार्या सुश्री भारती गौते ने भी नवनिर्वाचित छात्र परिषद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह का सफल मंच संचालन श्रीमती लक्ष्मी चौहान एवं श्रीमती रत्ना कुमारी द्वारा किया गया।



